अपना शहर

"पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना"; शासकीय भवनों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने के लिए होगा पीपीए हस्ताक्षर कार्यक्रम

शासकीय कार्यालय बिना किसी प्रारंभिक निवेश के सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे और ऊर्जा बचत के साथ “नेट जीरो” लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे

ऊर्जा विकास निगम तथा रेस्को विकासक के मध्य त्रि-स्तरीय एग्रीमेंट के लिए आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विभाग के एमडी अमनवीर सहित जनप्रतिनिधि एवं  विभागीय अधिकारी मौजूद रहेंगे

ग्वालियर। "प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना" के तहत जिले के सभी शासकीय भवनों पर रेस्को (RESCO) मोड के माध्यम से सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत शासकीय कार्यालय बिना किसी प्रारंभिक निवेश के सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे और ऊर्जा बचत के साथ “नेट जीरो” लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

इस परियोजना के तहत संबंधित विभागों के आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO), ऊर्जा विकास निगम तथा रेस्को विकासक के मध्य त्रिपक्षीय पावर पर्चेस एग्रीमेंट (Tripartite PPA) किए जाएंगे। इस संबंध में पीपीए हस्ताक्षर कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया है।

कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित समय पर कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। यह परियोजना शासन की उच्च प्राथमिकता वाली योजना है। परियोजना एवं पीपीए हस्ताक्षर कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी तरूण गुर्जर से मोबाइल नंबर 9754274119 पर संपर्क किया जा सकता है।

नवकरणीय ऊर्जा मंत्री शुक्ला एवं विभाग प्रमुख भी होंगे शामिल

"प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना" के तहत शासकीय भवनों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जाने के लिए आहरण एवं संवितरण अधिकारियों व ऊर्जा विकास निगम तथा रेस्को विकासक के मध्य त्रि-स्तरीय एग्रीमेंट के लिये आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, विभाग के एमडी श्री अमनवीर सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।