अपना शहर

आधी रात में ही आंधी-पानी से हुए नुकसान का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर पहुंचे ऊर्जा मंत्री तोमर , देर रात 1 बजे मंत्री ने 4 फीडरो पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया

रात में ही ऊर्जा मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से संवाद में उन्हें बताया कि बिजली विभाग की टीमें पूरी तत्परता से कार्य कर रही हैं, शीघ्र सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल हो जाएगी

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार रात आई आंधी और बारिश से उपनगर ग्वालियर में कई क्षेत्रों वृक्ष गिरने से विद्युत लाइनों तथा खंभों के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति निर्मित होने की सूचना मिलते ही तत्काल ग्राउंड ज़ीरो पर पहुँचकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा की।

 इस दौरान उन्होंने देर रात 1 बजें 4 फीडरो पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया। ऊर्जा मंत्री तोमर ने माँ वैष्णोंपुरम, चंदनपुरा, श्याम बाबा का मंदिर, राठौर चौक, गदाईपुरा पहुंचकर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आंधी-पानी के कारण जिन इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्युत आपूर्ति बहाल करें।

प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से संवाद करते हुए ऊर्जा मंत्री ने बताया कि बिजली विभाग की टीमें पूरी तत्परता और तेजी से कार्य कर रही हैं। शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।