अपना शहर

समय सीमा बैठक में सख्ती; जल प्रदाय के समय अधिकारी करें मॉनिटरिंग, जल अपव्यय को रोकने के लिए करें कार्यवाही: निगमायुक्त 

निगमायुक्त की सख्ती के बाद जल अपव्यय रोकने निगम का पीएचई अमला एक्शन में आया; अवैध वाहन धुलाई सेंटरों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही, शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 सेंटर कराये बंद ,दो नल कनेक्शन भी काटे

निगमायुक्त की सख्ती के बाद जल अपव्यय रोकने निगम का पीएचई अमला एक्शन में आया; अवैध वाहन धुलाई सेंटरों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही, शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 30 सेंटर कराये बंद ,दो नल कनेक्शन भी काटे

ग्वालियर। ग्रीष्म ऋतु में शुद्ध पेयजल प्रदाय को लेकर सभी अधिकारी गंभीर रहें तथा जल सप्लाई के समय अपने संबंधित क्षेत्र में निरीक्षण करें और जल का अपव्यय रोकना सुनिश्चित करें इसके लिए जो भी वाहन धुलाई सेंटर चल रहे हैं, उन्हें तत्काल बंद करायें। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने समय सीमा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए। 

निगम मुख्यालय में आयोजित समय सीमा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, अपर आयुक्त वित्त रजनी शुक्ला सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने जल प्रदाय की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्मियों के मौसम में शुद्ध एवं पर्याप्त जलापूर्ति हमारी पहली प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग करें एवं लगातार निरीक्षण करें। इसके साथ ही पेयजल से संबंधित जो भी शिकायत सीएम हेल्पलाइन अथवा अन्य किसी माध्यम से आ रही हैं उनका तत्काल निराकरण करायें। उन्होंने वार्ड वार पानी की शिकायतों के निराकरण को लेकर उपयंत्रियों से चर्चा की। 

निगमायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि जल प्रदाय से संबंधित समस्याओं के लिए कंट्रोल रूम बनाएं एवं उसका नम्बर जारी करें। जिससे आम नागरिकों को समस्या का निराकरण कराने में सुविधा मिले। वहीं पेयजल संबंधी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही करने पर उपयंत्री अर्जुन बाथम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यपालन यंत्री शालिनी सिंह के बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की चर्चा करते हुए नोन अटेंड शिकायतों पर नाराजगी जताई । निगमायुक्त ने नाला सफाई की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को नाला सफाई का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही नालों पर बने अतिक्रमण को हटाने के लिए योजना बनाकर साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश सिटी प्लानर को दिए। 

बैठक में मैरिज गार्डनों में पार्किंग को लेकर भी चर्चा करते हुए सिटी प्लानर को निर्देशित किया कि मैरिज गार्डनों में निरीक्षण करें और पार्किंग की क्या व्यवस्था है अन्यथा कार्यवाही करें। इसके साथ ही मैकेनिकल पार्किंग की उपयोगिता को लेकर चर्चा कर कार्यपालन यंत्री  पवन सिंघल को निर्देशित किया कि इस संबंध में तकनीकी समिति बनाकर आवश्यक कार्यवाही करें। वही जनकार्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जिन सड़कों के वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उनमें 30 जून तक कार्य पूर्ण करें अन्यथा संबंधित इंजीनियर के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। 

वहीं वाटर हार्वेस्टिंग को लेकर चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर निर्देश दिए कि रैन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली जहां भी लगानी है कल तक उसकी सूची दें तथा आवष्यक कार्यवाही करें। साथ ही जल भराव के स्थानों की चर्चा करते हुए समस्या निराकरण को लेकर निर्देश दिए कि जहां कार्य स्वीकृत हो चुके हैं उन्हें तत्काल पूर्ण करायें और जहां कार्य स्वीकृत नहीं हो पायें है वहां जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करें। 

जर्जर भवन के चिन्हांकन को लेकर भी क्षेत्र अधिकारियों से जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि शीघ्र सर्वे कर क्षेत्राधिकारी प्रमाण पत्र दें कि उनके यहां कितने जर्जर भवन है अथवा नहीं हैं। साथ ही अवैध कॉलोनियों पर की गई कार्यवाही को लेकर जानकारी प्राप्त करते हुए एफआईआर दर्ज न कराने को लेकर नाराजगी व्यक्त की। 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बिना सूचना के अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी ली। जिसमें सीएचओ ने बताया कि विगत सात दिवस में तीन आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवायें संबंधित एजेंसी को वापिस की गई है। इसके साथ ही संपत्ति कर वसूली, जीआईएस सर्वे, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनगणना, आधार बेस अटेंडेंस, समय सीमा प्रकरणों, न्यायालयीन प्रकरणों एवं पौधारोपण को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।    

जल अपव्यय पर निगम सख्त; अवैध वाहन धुलाई सेंटरों पर कार्यवाही जारी, दक्षिण,ग्वालियर एवं ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में कुल 30 सेंटर कराये बंद , दो नल कनेक्शन भी काटे

ग्वालियर में भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए जल अपव्यय को लेकर नगर निगम ग्वालियर ने सख्ती से अवैध वाहन धुलाई सेंटरों एवं जल का अपव्यय करने वालों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। जिसके तहत बीते रोज सोमवार को 30 वाहन धुलाई सेंटर को नोटिस जारी करते हुए, दो नल कनेक्शन काटे गए। 

निगमायुक्त संघ प्रिय के सख्त निर्देशों के बाद निगम के पीएचई अमले द्वारा जल अपव्यय को लेकर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। जिसके अंतर्गत दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कार्यपालन यंत्री प्रवीण दीक्षित द्वारा लक्कड़ खाना पुल के पास अवैध रूप से संचालित दो वाहन धुलाई सेंटरों के कनेक्शन काटने की कार्यवाही की तथा एक अन्य सेंटर संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई। 

इसके साथ ही ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में सहायक यंत्री कार्तिक पटेल द्वारा वार्ड 32 में कुशवाह धुलाई सेंटर, एमके धुलाई सेंटर, जयदयाल कपूर, कैलाश नारायण धुलाई सेंटर, सुमन राय एवं रमेशचन्द्र राय, कल्लन प्रसादी, वार्ड 12 में श्याम बाबा धुलाई सेंटर, वार्ड 33 में छोटे खाँ, बशीर खाँ, कल्लू खॉ, हरिवल्लभ शर्मा, छोटेलाल के तीन सेंटर, राजू सविता, महादेवी, प्रेमचंद एवं राजाराम तथा वार्ड 14 में सत्तार खॉ सेवानगर आदि द्वारा संचालित अवैध वाहन धुलाई सेंटर को नोटिस देकर धुलाई सेंटर बंद कराने की कार्यवाही की गई। 

वहीं कार्यपालन यंत्री ग्वालियर पूर्व महेन्द्र प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में पांच अवैध वाहन धुलाई सेंटरों को बंद कराया गया है। जिसमें सहायक यंत्री सिद्धार्थ सोनी एवं उपयंत्री आदित्य पांडे द्वारा वार्ड 25 के अंतर्गत गौमाता चौक 6 नम्बर चौराहा, सुनील किरार, बंटी किरार, चीकू किरार एवं प्रदीप पाल एवं बिल्ला सिकरवार के धुलाई सेंटरों को बंद कराया गया तथा जल का अपव्यय न करने की हिदायत दी गई।  साथ ही वार्ड 58 में कार केयर चेतकपुरी का नल कनेक्शन काटा गया, वार्ड 59 में RR मोटर्स नाका बस स्टेंड के सामने नल कनेक्शन काटा गया, साथ ही साहू ऑटोमोबाइल बस स्टेंड के सामने एवं जय बालाजी कार वर्कशॉप बस स्टेंड के पास का कनेक्शन काटा गया है।