अपना शहर

"जल गंगा संवर्धन अभियान" ; गंगा दशहरा पर जिलेभर में होंगे सामूहिक श्रमदान, दीपदान, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिला स्तरीय आयोजन मेहराब साहब की तलैया पर होगा

पेट्रोलियम ईंधन की बचत का संदेश देने कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी बस से पहुँचेंगे,सांसद कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में मेहराब साहब की तलैया पर जिला स्तरीय कार्यक्रम

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में 25 मई को ग्वालियर जिले में जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम लक्ष्मीगंज के समीप स्थित मेहराब साहब की तलैया पर सांसद  भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में सुबह 7.30 बजे होगा। शाम 6.30 बजे बैजाताल पर सांस्कृतिक संध्या सजेगी। जिसमें दीपदान व जलाभिषेक के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। जिले के निवासियों को पेट्रोल, डीजल, सीएनजी इत्यादि पेट्रोलियम ईंधन की बचत करने का संदेश देने के लिये कलेक्टर  रुचिका चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बस में बैठकर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम मेहराब साहब की तलैया पर पहुँचेंगे। यह बस 25 मई को सुबह 7 बजे बैजाताल से रवाना होगी।

शहर के 66 वार्डों और सभी विकासखंडों में एक साथ श्रमदान

राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जल संवर्धन अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिये नगर निगम के सभी 66 वार्डों, चारों विकासखंडों और नगरीय निकायों में एक साथ सामूहिक श्रमदान, दीपदान, चुनरी अर्पण एवं आरती कार्यक्रम होंगे। डबरा में नोन-सिंध नदी पर, मुरार में झिलमिल नदी पर, भितरवार में पार्वती नदी पर और घाटीगांव के 36 अमृत सरोवरों पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम सहित सभी आयोजनों में जनप्रतिनिधि, आम नागरिक, अधिकारी- कर्मचारी, सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और धर्मगुरू शामिल होंगे।

जल स्रोतों की होगी सामूहिक सफाई

जिलेभर में कुएं, बावड़ियां, नहरें और नदी घाटों की सफाई जनसहयोग से की जाएगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिये जिले के नागरिकों से अपील की है।

गंगा दशहरा पर मेहराब साहब की तलैया में होगा श्रमदान और शाम को बैजाताल पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

ग्वालियर में जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई 2026 को मेहराब साहब की तलैया, गोल पहाड़िया पर सुबह 7:00 बजे से श्रमदान एवं बैजा ताल पर शाम 5:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुओं, बावड़ियों और तालाबों जैसी जल संरचनाओं को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई को सुबह 7:00 बजे मेहराब साहब की तलैया पर श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत तालाब की साफ-सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में  जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा बैजाताल पर शाम 5:30 बजे स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।