भोपाल/ ग्वालियर। प्रदेश का अधिकांश हिस्सा इन दिनों भीषण गर्मी के कहर और लू की थपेड़ों से जूझ रहा है। पूरा प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। नौतपा से पहले मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर देखा गया है। लगातार दूसरे दिन रविवार को भी खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म बने रहे। मौसम विभाग के अनुसार, नौगांव-खजुराहो में तापमान सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वही दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़-शाजापुर में 44 डिग्री, टीकमगढ़-शाजापुर में 44.8 डिग्री, दमोह, सागर-सतना में 44.2 डिग्री, गुना, मुरैना, राजगढ़ और श्योपुर में पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यहां अधिकांश शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। शनिवार को भी छतरपुर जिले के नौगांव और खजुराहो सबसे गर्म रहे थे। नौगांव में तापमान 45.5 डिग्री और खजुराहो में 45.4 डिग्री दर्ज किया गया था
वहीं, 5 बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में सबसे ज्यादा 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल में 42.7 डिग्री, इंदौर में 40.9 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिन तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
रविवार को ग्वालियर में रविवार को सुबह से ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अलसुबह 29.2 डिग्री रहते हुए पारा 8:30 बजे ही 36 डिग्री पर पहुंच गया। रविवार को शहर में बीती रात का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वही शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग का अलर्ट है कि अगले चार दिन तक प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल( IMD) ने रविवार को 'बुंदेलखंड' रीजन के कुछ चुनिदा जिलों में सीवियर हीटवेव ( 'तीव्र लू') का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 11 जिलों में ऑरेंज और 22 जिलों में येलो अलर्ट जारी है। इस प्रकार प्रदेश के 37 जिलों में 'हीट-वेव' का अलर्ट है।
नौतपा से पहले ही सूर्यदेव ने रौद्र तेवर दिखाना शुरू कर दिये हैं
ग्वालियर में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने पिछले एक पखवाड़े पहले ही रौद्र रूप दिखा दिया है, झुलसाने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने शहर की हवा से नमी लगभग खत्म कर दी है। हालात ऐसे हैं कि दिन में लू के थपेड़ों से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, दिन में बाजारों के साथ ही सड़कों पर भी सन्नाटा पसर जाता है, वहीं रात में भी गर्म हवा राहत नहीं दे रहीं। बीते दिनों शुक्रवार को ग्वालियर की रात पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रही है, यहाँ रात का पारा 29.7 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया है।
"*नौतपा का ज्योतिषीय" और सनातन संस्कृति में यह एक महत्वपूर्ण अवधि*
सोमवार आज 25 मई 2026 से नौतपा शुरू हो रहे हैं। जिसे नौतपा या 'नौ-तप' के नाम से भी जाना जाता है। भारतीय ज्योतिष और संस्कृति में यह एक महत्वपूर्ण अवधि है जो गर्मी के चरम समय में आती है। यह रोहिणी नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश के साथ शुरू होती है और आमतौर पर नौ दिनों तक चलती है।
*इस बार नौतपा:-* 25 मई 2026 से 2 जून 2026 तक ( 9 दिन ) रहेंगे। सूर्य रोहिणी नक्षत्र में 25 मई 2026 को प्रवेश कर जायेगा ( दोपहर के आसपास )। इस अवधि में सूर्य का प्रभाव तीव्र होता है, जिसके कारण गर्मी अपने चरम पर रहती है। कुछ ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इसका प्रभाव 8 जून 2026 तक भी महसूस हो सकता है।
*-: नौतपा के दौरान विशेष सावधानियां :-*
. पानी, ओआरएस, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ लेते रहें।
. घर से निकलने से पहले पानी पीकर निकलें। खाली पेट न जाएं।
. धूप में काम करने वालों को बीच-बीच में छाया में आराम देना चाहिए।
. बच्चों और बुजुर्गों को दिन में धूप से बचाकर रखें। घर में हवा का आवागमन रखें और जरूरत हो तो पर्दे, कूलर या पंखे का उपयोग करें।
. तेज बुखार, बेहोशी, भ्रम, लगातार उल्टी या शरीर ज्यादा गर्म लगे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।करें।
