टॉप न्यूज़

"जल गंगा संवर्धन अभियान" ; गंगा दशहरा पर जिलेभर में होंगे सामूहिक श्रमदान, दीपदान, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम, जिला स्तरीय आयोजन मेहराब साहब की तलैया पर होगा

शासन का उद्देश्य है, 'जल संरक्षण' को जन-आंदोलन का स्वरूप देना, शहर में गंगा दशहरा पर जिला स्तरीय आयोजन मेहराब साहब की तलैया पर, सुबह यहाँ श्रमदान और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गंगा दशहरा पर्व पर 25 मई को ग्वालियर जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय से लेकर सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों तक सामूहिक श्रमदान, जल स्रोतों की साफ-सफाई, दीपदान, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही सभी कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर चौहान ने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाना है। इसी भावना के साथ गंगा दशहरा पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं, युवाओं और आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की गतिविधियों के फोटोग्राफ उसी दिन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं।

उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सभी हैंडपंपों के प्लेटफॉर्म एवं उनके समीप सोखता गड्ढों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

गंगा दशहरा पर जिला स्तरीय आयोजन  मेहराब साहब की तलैया पर होगा, यहाँ सुबह श्रमदान और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे

 जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई 2026 को मेहराब साहब की तलैया, गोल पहाड़िया पर सुबह 8:00 बजे से श्रमदान एवं शाम 5:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर निगम आयुक्त  संघ प्रिय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुओं, बावड़ियों और तालाबों जैसी जल संरचनाओं को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई को सुबह 8:00 बजे मेहराब साहब की तलैया पर श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत तालाब की साफ-सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा शाम 5:30 बजे इसी स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

विकासखंड स्तर पर भी होंगे विशेष आयोजन

गंगा दशहरा पर जनपद पंचायत डबरा के अंतर्गत मकोड़ा में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही नोन एवं सिंध नदी पर चुनरी अर्पण, पूजन और दीपदान के कार्यक्रम होंगे तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक श्रमदान कराया जाएगा। विकासखंड मुरार के भदावना एवं झिलमिल नदी क्षेत्र तथा ग्राम रौरा स्थित अमृत सरोवर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। भितरवार विकासखंड में ग्राम बागवई के सरोवर एवं पार्वती नदी पर आयोजन किए जाएंगे। घाटीगांव विकासखंड में मेहरपुरा तालाब पर खंड स्तरीय कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही विकासखंड के सभी 36 अमृत सरोवरों पर चुनरी चढ़ाई जाएगी। नगर परिषद मोहना, आंतरी, बिलौआ एवं पिछोर में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।

जल स्रोतों की होगी साफ-सफाई

गंगा दशहरा के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में कुएं, बावड़ियां, नहरें, पुरानी जल संरचनाएं और नदी घाटों की साफ-सफाई सामूहिक श्रमदान एवं जनसहयोग से की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर जल संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की है।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव एवं मुनीष सिकरवार सहित जिले के सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के सीईओ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अपर आयुक्त ने नाला सफाई एवं सीवर लाइन कार्य का किया  निरीक्षण  

  उपनगर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नाला सफाई एवं आनन्द नगर में सीवरलाइन खुदाई के दौरान नाले में भरी हुई मिट्टी के निकलवाने के कार्य का निरीक्षण बीते रोज शनिवार को अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने किया।

उल्लेखनीय है कि आनंदनगर क्षेत्र में सीवर लाइन डालने का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है, जिसका आज अपर आयुक्त  प्रदीप तोमर द्वारा निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर लाइन खुदाई के दौरान निकलने वाली मिट्टी को तत्काल उठाया जाए। ध्यान रहे मिट्टी नाले में न जाए । इसके साथ ही उन्होंने उपनगर ग्वालियर में शब्द प्रताप आश्रम, संत कृपाल सिंह आश्रम के पास स्थित नाला एवं अन्य कई क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई अभियान का स्थल निरीक्षण किया और निर्देशित किया की बरसात से पूर्व सभी नाले साफ हो जाए इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई ना बरती जाए। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री राम सेवक शाक्य, स्वास्थ्य अधिकारी अजय सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।रहे।