अपना शहर

जलकर वसूली में लापरवाही पड़ी भारी; पीएचई विभाग के 31 ऑउटसोर्स कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश,उधर नामांकन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर उपायुक्त एवं 'कर-संग्रहक' को नोटिस

निगमायुक्त की समीक्षा बैठक में बीते दिनों सामने आया था कि कई कर्मचारियों ने टारगेट के अनुरूप वसूली नहीं की है, इसके बाद इन कर्मचारियों पर कार्रवाई की गाज गिरी है

ग्वालियर। वित्तीय वर्ष में जलकर की वसूली लक्ष्य से कम रहने पर नगर निगम अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने पीएचई विभाग में कार्यरत 31 ऑउटसोर्स श्रमिकों का वेतन काटने के निर्देश सम्बंधित एजेंसी राज सिक्योरिटी फोर्स को दिये है।

नगर निगम अपर आयुक्त प्रदीप तोमर द्वारा जारी किए नोटिस के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जलकर वसूली का लक्ष्य पिछले वर्ष की अपेक्षा 15 प्रतिशत अधिक रखा था। जलकर वसूली को लेकर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने विगत दिनों समीक्षा बैठक ली थी। बैठक में पाया कि कई कर्मचारियों ने अपने टारगेट के अनुरूप जलकर वसूली नहीं की है। इसके चलते नगर निगम आयुक्त ने निर्धारित किया था, जिसके अनुरूप वसूली नहीं की गई। जिसको लेकर निगमायुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुये 31 कर्मचारियों को वेतन काटने के निर्देश सम्बंधित एजेंसी को दिये।

अपर आयुक्त  प्रदीप तोमर द्वारा जारी निर्देशानुसार गतवर्ष की तुलना में 5 लाख से अधिक जलकर वसूली कम करने पर ऑउटसोर्स कर्मचारी वार्ड 45 राजेन्द्र प्रसाद, वार्ड 57 मोहित कदम, शुभम कुशवाहा, वार्ड 27 गुलशन निगम, वार्ड 37  प्रतीक बिचारे, वार्ड 03  जितेन्द्र गुर्जर एवं वार्ड 47 में  सुरेश पालिया का 07 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिये गये।

इसके साथ ही गत वर्ष की तुलना में 5 लाख से कम वसूली करने वाले आउटसोर्स कर्मी वार्ड 39  हरिओम शर्मा, केंट क्षेत्र अंकित गोस्वामी, वार्ड 65  गिर्राज शर्मा जितेन्द्र माहौर, संदीप सिंह, वार्ड 48  रोहित कुशवाह, वार्ड 43 नितेष कुमार, राघवेन्द्र, वार्ड 36 भानुप्रताप श्रोती, वार्ड 17  अनूप, वार्ड 53  सन्जू शाक्य, राजकुमार कुशवाह, वार्ड 35  नीरज कौशल, वार्ड 50 लक्ष्मण मौर्य, कुलश्रेष्ठ यादव, सुमित जायसवाल, वार्ड 38 सौरभ सक्सैना,  मनोज कुमार सेन,  बंटी कौशल, वार्ड 22  धमेन्द्र श्रीवास्तव, वार्ड 40  दिनेश सिंह एवं  रविकांत उपाध्याय का 03 दिवस का वेतन काटा गया है। साथ ही वार्ड 30 में कार्यरत रितिक एवं हिमांशु का 01 दिवस का वेतन काटा गया।

सम्पत्तिकर नामांकन प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही करने पर उपायुक्त एवं 'कर-संग्रहक' को नोटिस जारी

सम्पत्तिकर नामांकन के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण नहीं किये जाने पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने उपायुक्त मुकेश बंसल एवं 'कर-संग्रहक' विवेक चतुर्वेदी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार वार्ड 48 स्थित मामा का बाजार निवासी ममता गोयल, संजय गोयल एवं माधव गोयल द्वारा बीते वर्ष 27 मई 2025 को सम्पत्तिकर पंजी में नामांकन के लिए 2 आवेदन प्रस्तुत किये थे, इंन प्रकरणों के निराकरण में सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती गई तथा समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित नहीं किया गया। जिसके चलते निगमायुक्त संघ प्रिय ने  उपायुक्त सम्पत्तिकर दक्षिण विधानसभा मुकेश बंसल के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने एवं 'कर-संग्राहक' वार्ड 48  विवेक चतुर्वेदी की वेतन वृद्धि रोके जाने की कार्यवाही के लिए कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है।है।