अपना शहर

"स्वच्छ वीर सम्मान समारोह 2026"; शहर को साफ रखने में स्वच्छता मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है : निगमायुक्त ने कहा- स्वच्छता रैंकिंग सर्वेक्षण में हम सभी को अपने शहर को स्वच्छता की टॉप 10 रेंकिंग के लिये कड़ी मेहनत करनी है

बालभवन के ऑडिटोरियम में आयोजित "स्वच्छ वीर सम्मान" समारोह में शहर के सभी सफाई मित्रों को प्रोत्साहित करते हुये प्रतीकात्मक रूप से 10 महिला एवं 10 पुरुष को सम्मानित किया

ग्वालियर। वर्तमान में शहर की स्वच्छता रैंकिंग के लिये सर्वेक्षण चल रहा है। इस समय सभी स्वच्छता मित्रों की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण है। हम सभी को ग्वालियर शहर को स्वच्छता की टॉप 10 रेंकिंग में आने के लिये कड़ी मेहनत करनी है तथा इस समय भीषण गर्मी का दौर चल रहा है जो कि हम सभी के लिये बड़ी चुनौती है। हम सभी मिलकर इस परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें यही हम सभी की अपने शहर के प्रति सच्ची जिम्मेदारी होगी। यह विचार नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने स्वच्छ वीर सम्मान समारोह 2026 में सफाई मित्रों को सम्मानित करते हुये व्यक्त किये। बाल भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित स्वच्छ वीर सम्मान समारोह 2026 के अन्तर्गत आयोजित कार्यक्रम में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर डॉ प्रियंवदा भसीन, सवित्री श्रीवास्तव, सुश्री कारिष्नी सिंह,  पवन दीक्षित, प्रमोद धनेले मुख्य रूप से उपस्थित रहें। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एसबीएम मुकेश बंसल, सहायक नोडल शैलेंद्र सक्सेना, आईईसी समन्वयक सुश्री विजेता सिंह चौहान उपस्थित रहे। इस अवसर पर शहर के सभी सफाई मित्रों को प्रोत्साहित करते हुये प्रतीकात्मक रूप से 10 महिला एवं 10 पुरुष को सम्मानित किया गया।

'अंकिता कैलासिया' के स्वच्छता गीतों की प्रस्तुति ने बाँधा समा

 इस अवसर पर राज्य स्तरीय सम्मानित गायिका अंकिता कैलासिया द्वारा स्वच्छता गीतों की प्रस्तुति दी गई, इसके साथ ही थ्रीएएम क्लब के कविश्री शिवम सिंह भदौरिया द्वारा अपने काव्य संकलन की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने अपने सम्बोधन में कहा कि ग्वालियर शहर को साफ व स्वच्छ रखने में सफाई मित्र सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और यह हम सबके लिये परीक्षा का समय है। हम सभी मिलकर इस चुनौती पूर्ण परीक्षा को अच्छे से पास करें फिर हम सभी परिवार के सदस्य के रूप में मिलकर साथ में सहभोज भी करेंगे। इस अवसर पर स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर ने भी सभी स्वच्छता मित्रों को सम्बोधित किया गया तथा इनका प्रोत्साहन करते हुये कहा कि आप सभी भी उतने ही महत्वपूर्ण है जितने कि सीमा पर जवान है। देश की सीमा पर जवान दुश्मनों की सफाई करते है आप भी देश के अन्दर गंदगी से हमें बचाते हैं।