ग्वालियर/ भितरवार। कृषि उपज मंडी भितरवार में शुक्रवार को मंडी प्रशासन द्वारा व्यापारियों के इलेक्ट्रॉनिक कांटों की सघन जांच अभियान चलाया गया। गुरुवार शाम ग्राम मुसाहरी के एक किसान की फसल तौल के दौरान इलेक्ट्रॉनिक कांटे में 500 से 700 ग्राम तक वजन का अंतर सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडी प्रशासन ने संबंधित व्यापारी का कांटा जब्त कर लिया था और उसकी जांच नापतोल विभाग से कराने के निर्देश दिए थे।
मंडी सचिव और इंस्पेक्टर ने संभाली कमान
शुक्रवार को मंडी सचिव ओम प्रकाश शर्मा, राहुल शर्मा एवं मंडी इंस्पेक्टर सहित मंडी कर्मचारियों ने परिसर में पहुंचकर व्यापारियों के इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य कांटों का निरीक्षण किया। इस दौरान कांटों की सही नापतोल, सत्यापन प्रमाण पत्र और दस्तावेजों की भी जांच की गई।
“किसानों को मिले सही तौल”:एसडीएम
भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया ने मंडी सचिव एवं व्यापारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी व्यापारी अपने कांटों का समय-समय पर नापतोल विभाग से सत्यापन कराएं और उसकी रसीद मंडी कार्यालय में जमा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही वजन मिलना चाहिए और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिना सत्यापन वाले कांटों पर होगी कार्रवाई
मंडी प्रशासन द्वारा किसानों के साथ फसल तोल में गड़बड़ी करने वाले व्यापारी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मंडी प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यापारी के कांटे बिना सत्यापन पाए जाते हैं या तौल में गड़बड़ी मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों के साथ धोखाधड़ी और चोरी करने वाले व्यापारी को नोटिस जारी।
मंडी के व्यापारियों में हलचल, किसानों ने की सराहना
मंडी में चलाए गए इस जांच अभियान से व्यापारियों में हलचल का माहौल बना रहा। वहीं किसानों ने मंडी प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से किसानों को सही तौल और पारदर्शिता मिल सकेगी।सकेगी।
