टॉप न्यूज़

"जनगणना-2027 कार्य" ; जनगणना निदेशक ने ग्वालियर जिले में किया मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण, बैठक लेकर दिए दिशा-निर्देश

जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल के निदेशक ने गुरुवार को बाल भवन में बैठक लेकर जिले में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा की

ग्वालियर जिले में जनगणना 2027 के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य का गुरुवार को जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल के निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने निरीक्षण किया। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे इस कार्य का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने गुरुवार को बाल भवन में बैठक लेकर जिले में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा की। इसके बाद नगर निगम ग्वालियर के जनगणना अधिकारियों, अपर आयुक्त, उपायुक्त एवं जोनल चार्ज अधिकारियों के साथ वार्ड क्र.-60 स्थित सनवेली अपार्टमेंट पहुंचकर मकान सूचीकरण कार्य का अवलोकन किया।

दोपहर बाद श्रीवास्तव ग्रामीण क्षेत्र के निरीक्षण के लिये तहसील घाटीगांव के ग्राम नयागांव पहुंचे। यहां उन्होंने जिला जनगणना अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ मकान सूचीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में चल रहे एवं पूर्ण किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान निदेशक श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंद मिले मकानों का कम से कम तीन बार पुनः भ्रमण किया जाए।

उन्होंने 28, 29 एवं 30 मई को विशेष रूप से ऐसे भवनों का पुन: भ्रमण करने के लिये कहा। जनगणना निदेशक ने यह भी कहा कि नवनिर्मित मकानों को भी सूचीकरण में शामिल करना सुनिश्चित किया जाए तथा तैयार किए गए मैप को मोड़ा न जाए। उन्होंने कहा कि प्रश्नावली भरते समय विशेष सावधानी बरती जाए।