अपना शहर

"जल गंगा संवर्धन अभियान"; खेड़ापति बावड़ी में चली स्वच्छता मुहिम में बावड़ी को किया स्वच्छ, अभियान में निगम के साथ आमजनों ने सहयोग किया, स्वच्छता की शपथ भी दिलाई

नगर निगम ने भू-जलस्तर बढ़ाने के लिए लक्ष्य रखा है, बारिश से पहले निगम करेगा 15000 वाटर हार्वेस्टिंग , 600 पार्काें में भी वाटर हार्वेस्टिंग कराई जाएंगी

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास स्थित प्राचीन बावड़ी को साफ किया गया। इस अभियान में नगर निगम के साथ आमजनों ने सहयोग किया। जिसके चलते बावड़ी में से कई टन कचरे को साफ किया गया।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार शहर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम द्वारा शहर के कुओं बावड़ियों को साफ करने का अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पार्षद विवेक सोनू त्रिपाटी, अंजना हरीबाबू शिवहरे, जीडीए उपाध्यक्ष  सुधीर गुप्ता, अपर आयुक्त  प्रदीप तोमर, नोडल अधिकारी सीवर शिशिर श्रीवास्तव सहित आमजनों ने बावडी की सफाई कर स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

बावडी से निकले कचरे को तत्काल किया साफ

नगर निगम द्वारा बीते रोज बुधवार को चलाए गए सफाई अभियान के दौरान कई टन कचरा बावड़ी से निकाला गया। इसके साथ ही बावड़ी की सीढ़ियों पर सालों से जमा मिट्टी को भी हटाया गया। पहले इस कचरे को एक ओर एकत्रित करने के बाद अभियान की समाप्ति पर ट्रैक्टर ट्रॉली एवं डंपर से कचरे को साफ कराया गया, जिससे मौके पर गंदगी एकत्रित नहीं हो पाई।

निगम ने भू-जलस्तर बढ़ाने के लिए रखा है बड़ा लक्ष्य, बारिश से पहले निगम करेगा 15000 वाटर हार्वेस्टिंग

ग्वालियर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम ने भू-जलस्तर बढ़ाने के लिए 15000 वाटर हार्वेस्टिंग करने का लक्ष्य रखा है। नगर निगम ने इसके लिए कार्य प्रांरभ कर दिया है। इन वाटर हार्वेस्टिंग के पूर्ण हो जाने पर शहर के भू-जलस्तर में काफी इजाफा होगा।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार 10000 भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग कराने के लिए भवन अधिकारियों ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। जबकि 600 पार्काें में वाटर हार्वेस्टिंग कराई जाएंगी, 2600 पूर्व में की गई वाटर हार्वेस्टिंग की सफाई की जाएगी। जबकि 1700 हैंडपंप एवं बोरिंगों के पास वाटर हार्वेस्टिंग की किट लगाई जाएगी। 

600 पार्कों में वाटर हार्वेस्टिंग के लिए टंकियां आ चुकी हैं। जल्द ही सभी पार्काें में वाटर हार्वेस्टिंग की किट लगा दी जाएगी। जबकि 1700 हैण्डपंपों एवं बोरिंगों में वाटर हार्वेस्टिंग के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है।