टॉप न्यूज़

सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त; 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया, विशेष जाँच मुहिम लगातार जारी है

सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर 25 मई को बैठक ; यह बैठक सांसद कुशवाह की अध्यक्षता में होगी, बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी

ग्वालियर जिले में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर यात्री बसों की विशेष जाँच मुहिम लगातार चलाई जा रही है। इसीके तहत बुधवार को परिवहन विभाग के उड़नदस्ता द्वारा गोले का मंदिर एवं भिंड रोड क्षेत्र में यात्री बसों की सघन जाँच की गई।गई।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि जाँच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त की गई। इन बसों में आवश्यक आपात-कालीन निकास एवं फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ओवर लोडिंग, पीयूसी सहित अन्य अनियमितताएँ पाए जाने पर 7 बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 55 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर 25 मई को बैठक ; सांसद कुशवाह की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी


ग्वालियर जिले में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 25 मई को दोपहर एक बजे कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक सांसद भारत सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में होगी। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें पूर्व बैठक की कार्रवाई की समीक्षा, शहर में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर हुई कार्रवाई, ट्रैफिक कैमरों और चालान व्यवस्था की स्थिति, स्मार्ट सिटी द्वारा लगाए गए कैमरों की समीक्षा तथा इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर द्वारा वर्ष 2025-26 में जारी किए गए चालानों की जानकारी शामिल रहेगी।

इसके अलावा हिट एंड रन मामलों की समीक्षा, नगर निगम पार्किंग व्यवस्था, छोटी लाइन पुरानी रेल पटरी क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य, विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य तथा वर्षाकाल में जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर भी चर्चा होगी। बारिश के दौरान यातायात प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी। बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सड़क सुरक्षा समिति के नोडल अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।