अपना शहर

कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई ; अपने चेम्बर में बुलाकर कलेक्टर ने आवेदकों को कुर्सियों पर बिठाकर एक-एक की सुनीं समस्यायें, 135 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई

प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समस्यायें सुनीं, उधर सिटीसेंटर निगम मुख्यालय में हुई जनसुनवाई में अपर आयुक्त ने आमजन की समस्यायें सुनी,निराकरण के निर्देश दिए

ग्वालियर। कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 135 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर रुचिका चौहान ने आम नागरिकों को अपने चेम्बर में बुलाकर कुर्सियों पर बिठाया और एक-एक कर सभी की समस्यायें सुनीं। इसके अलावा कलेक्ट्रेट के सभागार में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व एडीएम सीबी प्रसाद सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जनसुनवाई में पहुँचे नागरिकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।

 कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। 

 जन-सुनवाई में कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 35 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 80 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए । 

इधर सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में हुई जनसुनवाई में अपर आयुक्त ने सुनी आमजन की समस्यायें,दिए निराकरण के निर्देश 

आमजनों की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित जनसुनवाई  में नगर निगम ग्वालियर में अपर आयुक्त  प्रदीप सिंह तोमर एवं मुनीश सिकरवार ने आमजनों की समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
         सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में हुई जनसुनवाई में वार्ड 36 गेंडे वाली सड़क निवासी कमल माहौर ने बताया कि गली में कुछ लोगों द्वारा सड़क पर शौचालय बनाने से आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। आवेदक ने उचित कार्यवाही के संबंध में वार्ड 9 रानीपुरा चार शहर का नाका निवासी सौरभ पाथरे ने बताया कि सीवेज कार्य के दौरान पेयजल एवं नाली की क्षतिग्रस्त पाइप-लाइन सुधरवाये जाने के संबंध में, वार्ड- 61 वीर आवास सैनिक कॉलानी के रहवासियों ने आवेदन देते हुए बताया कि कॉलोनी के सामने तालाब में अवैध रूप से सीवर लाइन का गंदा पानी छोडा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है। इसी तरह आवेदकों ने उचित कार्यवाही के संबंध सहित अन्य आवेदनों पर सुनवाई करते हुए अपर आयुक्त ने कुछ समस्याओ का निराकरण त्वरित करते हुए शेष समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके साथ ही जनसुनवाई में पेयजल, अतिक्रमण, सफाई, विद्युत, आवास, सीवर सफाई, नामांतरण आदि से संबंधित 40 से अधिक आवेेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश अपर आयुक्त ने दिए।