ग्वालियर। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा चलाए जा रहे “संपर्क अभियान” के तहत शनिवार को ग्वालियर शहर वृत्त क्षेत्र में उपभोक्ता संपर्क शिविर आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ता सहभागिता को बढ़ावा देना, बिलिंग एवं राजस्व संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करना तथा तकनीकी एवं व्यावसायिक हानियों में कमी लाना है।विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक शहर वृत द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शहर वृत्त ग्वालियर के अंतर्गत 22 शिविर लगाए गए। इन शिविरों में कुल 1183 आवेदन प्राप्त हुए।
इनमें से 404 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। प्राप्त आवेदनों में बिल संशोधन से संबंधित 747, मीटर एवं सर्विस केबल से संबंधित 57, कनेक्शन एवं नाम परिवर्तन से संबंधित 17, समाधान योजना से संबंधित 232 तथा कंपनी सेवाओं से जुड़ी अन्य 110 शिकायतें शामिल रहीं। बिजली कंपनी के अनुसार उपभोक्ताओं द्वारा संपर्क अभियान को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और शिविरों के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।
