अपना शहर

सफाई निरीक्षण में नदारद थे कर्मचारी; विनयनगर क्षेत्र में काफी गंदगी मिली, गंदगी देख WHO को लगाई फटकार, 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए

अपर आयुक्त ने जब सफाई कर्मचारियों को बुलाकर गिनती कराई तो आधे गायब थे, गाड़ी धुलाई सेंटर की मशीन जब्त कर जुर्माना ठोका, उधर समीक्षा बैठक से अनुपस्थित 7 राजस्व कर संग्रहको को कारण बताओ नोटिस जारी

ग्वालियर। सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले अपर आयुक्त  टी प्रतीक राव को विनयनगर क्षेत्र में काफी गंदगी मिली। गंदगी को देखकर उन्होंने डब्ल्यूएचओ को फटकार लगाई। वहीं विनय नगर में कर्मचारियों को बुलाकर उनकी गिनती कराई तो आधे सफाई कर्मचारी गायब मिले। विनय नगर में गाड़ी धुलाई सेंटर चलता मिला, अपर आयुक्त ने धुलाई सेंटर की मशीन को जब्त करने के निर्देश दिए हैं।

अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शनिवार सुबह शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने कटी घाटी स्थित पार्क को देखा। पार्क में उन्हें गंदगी मिली, जिसे देखकर उन्होंने डब्ल्यूएचओ को फटकार लगाई, साथ ही पार्क की गंदगी को साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही हॉकर्स जोन में भी गंदगी मिली, जिसे साफ करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्होंने विनय नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें कर्मचारी काम करते नहीं दिखे। उन्होंने डब्ल्यूएचओ को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को बुलाया जाए। जिससे उनकी हाजिरी चेक की जा सके। डब्ल्यूएचओ से कर्मचारियों की संख्या पूछने पर उसने बताया कि वार्ड में 45 कर्मचारी काम कर रहे हैं। कर्मचारियों की गिनती करने पर आधे कर्मचारी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने शब्दप्रताप आश्रम स्थित नाले का भी निरीक्षण किया, वहांं भी उन्हें गदंगी मिली। निरीक्षण के दौरान उन्हें गाड़ी धुलाई सेंटर संचालित होता मिला, उन्होंने धुलाई सेंटर को बंद कराने एवं 2 हजार रुपए के जुर्माना किया गया। वहीं उन्होंने विनय नगर स्थित पार्क का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही विनय नगर एवं रामदास घाटी क्षेत्र के डब्ल्यूएचओ का 15 दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने पर 7 राजस्व कर संग्रहको  को कारण बताओ नोटिस जारी 

ग्वालियर नगर निगम में अधिकारियों की समीक्षा बैठक से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर 7 राजस्व कर संग्रहको  को कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किया गया है। यह कार्रवाई विज्ञापन शाखा की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने के मामले में की गई है।

नोडल अधिकारी राजस्व  अनूप लिटोरिया ने बताया कि राजस्व कर संग्रहक ऋषि कुमार,  संजय रजक , कपिल पांडे,राजकुमार कोस्टा , आशीष सोन, संजय जैन, राकेश खरे को 16 मई 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित होना था। बैठक में जीरो इलीगल होर्डिंग अभियान के तहत जारी नोटिसों और उनसे हुई वसूली की समीक्षा की जानी थी। बैठक की सूचना पूर्व  में साझा कर दी गई थी। इसके बावजूद संबंधित सभी कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना अथवा अनुमति के बैठक से अनुपस्थित पाए गए। पत्र में इसे वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता और लापरवाही की श्रेणी में माना गया है।

इन सभी दोषी कर्मचारियों से दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने संबंधी प्रकरण आयुक्त को भेजा जाएगा।जाएगा।