ग्वालियर। बारिश से पूर्व सभी नाले एवं सीवर लाइनें हर हाल में साफ हो जाऐं। यदि नाला सफाई न होने के कारण कहीं भी जल भराव होता है, तो संबंधित क्षेत्र के अधिकारी जिम्मेदार होंगे और मौके पर ही उनके खिलाफ कडी कार्यवाही की जाएगी। यह निर्देश नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने नाला सफाई एवं सीवर सफाई की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, प्रदीप तोमर, मुनीष सिकरवार, कार्यपालन यंत्री पीएचई, सहायक यंत्री पीएचई एवं स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी सहित अन्य सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने सर्वप्रथम नाला सफाई की विधानसभा वार समीक्षा की तथा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके द्वारा यह लिस्ट संबंधित जनप्रतिनिधि को भी दी जाएगी यदि आपकी दी गई जानकारी गलत हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही 10 दिन बाद फिर समीक्षा की जाएगी। जो नाले रह गए हैं उन्हें तत्काल साफ करा लें और नाला सफाई के लिए जो भी संसाधन आवश्यक है वह वर्कशॉप एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई एंड टू एंड तक होनी चाहिए। जो नाले मैनुअल होने हैं उनकी मैनुअल सफाई करायें तथा जिनकी मशीनों से होने है उनकी मशीनों से सफाई करायें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें।
समस्याग्रस्त क्षेत्रों में सीवर के पॉइंट का शीघ्र करें स्थाई निराकरण
बैठक में निगमायुक्त संघ प्रिय ने सर्वाधिक जल भराव वाले समस्याग्रस्त ऐसे क्षेत्रों में जहां सीवर लाइन या तो क्षतिग्रस्त है या अंडर लाइन है, ऐसे सभी क्षेत्रों का चिन्हांकित कर 94 पॉइंट पर कार्य किया जा रहा है। जिसको लेकर सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी निराकरण के लिए तत्काल कार्य करायें और संबंधित इंजीनियर प्रकरण बनाकर यह भी बताएं कि राशि की व्यवस्था कहां से होगी अथवा अतिरिक्त राशि कितनी आवश्यक है।
बैठक में विधानसभा वार सीवर समस्या निवारण की चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर लाइनों की जो सफाई करानी है उसका शेड्यूल बनाकर दें तथा संबंधित ठेकेदार से सीवर लाइनों की सफाई करायें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह भी जानकारी दें कि जहां गोबर अथवा नाले के कारण सीवर चौक होती है। उसका भी निराकरण करायें।
'नाला सफाई के साथ सड़क की धुलाई भी' ताकि ना रहे गंदगी
नगर निगम द्वारा बारिश से पूर्व नाला सफाई का कार्य किया जा रहा है। जिन स्थानों पर छोटे नाले हैं, वहां पर मैनुअली सफाई की जा रही है, जबकि बडे नालों की जेसीबी एवं हिताची के माध्यम से सफाई की जा रही है। नाला सफाई के दौरान निकलने वाली गंदगी को तत्काल डंपर में भरकर स्थान की जेटिंग मशीन के माध्यम से सफाई की जा रही है, जिससे तत्काल गंदगी साफ हो सके।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार नालों की सफाई का कार्य तेज गति के साथ किया जा रहा है। नगर निगम के द्वारा बीते रोज गुरूवार को वार्ड 55 आमखो बस स्टेंड के पास नाला, वार्ड 46 में धर्मेन्द्र ट्रेवल के पास, वार्ड 49 में नयापुरा नाला, वार्ड 37 में गोयल वाटिका, वार्ड-54 में कम्पू रोड थाने के सामने, वार्ड 52 में पिपरी गुडा, वार्ड 45 में पत्तलवाली गली में, वार्ड 59 में पारस विहार कॉलोनी में, वार्ड 22 में मधुवन कॉलोनी में, वार्ड 57 में रविशंकर मैन रोड पर, वार्ड 45 में ललितपुर कॉलोनी में, वार्ड 28 में भीमनगर, वार्ड 19 में पुरानी रेलवे लाइन, वार्ड 16 में तिकोनिया पार्क से लेकर रामजानकी मंदिर तक, वार्ड 6 मेवाती मोहल्ला, वार्ड 31 में झंडे वाले हनुमानजी, वार्ड 33 नौगजा रोड, वार्ड 63 में उदरपुरा, सुसेरा कोठी सहित अन्य नाले एवं नालियों की सफाई कराई गई।
