ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है, स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला यह सुनिश्चित करे कि किसी भी मुख्य रोड पर कचरा ठिया न दिखे और सभी संबंधित अधिकारी कर्मचारी नाला सफाई का कार्य गंभीरता से करें। इस कार्य हेतु जो भी संसाधन आवश्यक है वह तत्काल बता दें या कहीं नाले से अतिक्रमण हटवाना है तो बता दें अन्यथा लापरवाही की स्थिति में कडी कार्यवाही की जावेगी। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
बाल भवन नवीन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, उपायुक्त मुकेश बंसल, मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ वैभव श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी वर्कशॉप पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव सहित सहित सभी स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ उपस्थित रहे।
बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण के कार्यों की समीक्षा करते हुए चेक लिस्ट अनुसार सभी वार्डों में डिवाइडर पुताई, डस्टबिन लगाने का कार्य, कचरा ठिया के सौंदर्यीकरण का कार्य, जल स्त्रोत की सफाई का कार्य एवं सीटी पीटी में जो भी आवश्यक व्यवस्थायें करनी है उनका कार्य, सीटीपीटी के दिशा सूचक लगने का कार्य सहित अन्य आवश्यक कार्य दो दिवस में पूर्ण हो जाने चाहिए।
वहीं लक्ष्मण तलैया जल स्त्रोत की सफाई न हो पाने के कारण लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में जो डब्ल्यूएचओ एवं जेडएचओ बिना सूचना अनुपस्थित रहे। उनकी कल 15 मई 2026 को बाल भवन में परेड कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वार्ड 55 के डब्ल्यूएचओ को कारण बताओ का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त ने स्वच्छ ग्वालियर एप की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, जेडएचओ एवं डब्ल्यूएचओ को एप में रजिस्ट्रेशन कर एप के माध्यम से आने वाली शिकायतों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कचरा ट्रांसफर स्टेशनों पर साफ सफाई एवं शीघ्र गाडी खाली कराये जाने के निर्देश संबंधित प्रभारियों को दिए गए।
स्वच्छता निरीक्षण में 25 कर्मचारी मिले गायब, एएचओ, जेडएचओ, डब्ल्यूएचओ, सुपरवाइजर के वेतन काटने के निर्देश
वार्ड क्रमांक 55 स्थित नालों की सफाई व्यवस्था जानने के लिए सभापति ने गुरुवार को क्षेत्र का भ्रमण किया। भ्रमण में नाले गंदे मिले, साथ ही कम्पू थाने के सामने उन्होंने कर्मचारियों की हाजिरी ली, जिसमें 25 कर्मचारी गायब मिले। सभापति ने गायब कर्मचारियों सहित एएचओ, जेडएचओ, डब्ल्यूएचओ, सुपरवाइजर के वेतन काटने के नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को निर्देश दिए हैं।
सभापति तोमर ने वार्ड क्रमांक 55 के अंतर्गत क्षेत्रीय कार्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने उपायुक्त मुकेश बंसल एवं मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी वैभव श्रीवास्तव के साथ कम्पू थाने पर सभी कर्मचारियों की हाजिरी ली। हाजिरी के दौरान 25 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इनमें से एक कर्मचारी लंबे समय से अनुपस्थित चल रहा है। सभापति ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले एएचओ, जेडएचओ, डब्ल्यूएचओ, सुपरवाइजर का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए है।
उन्होंने निर्देश दिए कि बीट के हिसाब से सभी कर्मचारियों की हाजिरी लगाई जाए। बीट में बोर्ड लगाए जाएं जिस पर अधिकारी एवं कर्मचारियों के नाम अंकित हों, जिससे क्षेत्र के निवासियों को पता चल सकें कि उनके क्षेत्र में कौन कर्मचारी सफाई कर रहा है। इसके साथ ही सफाई कर्मचारी मोहल्ले वालों से पंचनामा बनवाकर लाएं कि वह उनके क्षेत्र में सफाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा जिस बीट में नाला है उसकी सफाई बीट कर्मचारी करें। जो सडकें गंदी है वहां पर दलेल लगाकर सफाई कराई जाए।
बोरिंग के तार खुले छोडे, नोटिस जारी
हरिशंकर पुरम स्थित बोरिंग संधारण के बाद तार खुले छोडने पर उपयंत्री जलप्रदाय शंभुदयाल श्रीवास्तव को नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कारण बताओं नोटिस जारी किया है।
हरिशंकरपुरम में 5 दिनों से बोरिंग खराब थी, इस बोरिंग को पीएचई विभाग ने ठीक कराने के बाद विद्युत के तारों को खुला छोड दिया। इसकी आमजनों ने निगमायुक्त को व्हाट्सएप पर शिकायत की थी, शिकायत को संज्ञान में लेते हुए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने उपयंत्री को कारण बताओं नोटिस जारी किया है।
