ग्वालियर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शुक्रवार को उपनगर ग्वालियर बिरलानगर पुल से चंदनपुरा तक जनकल्याण समिति के सहयोग से “सुपर सकर” मशीन द्वारा चल रहे सीवर सफाई अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बारिश से पहले इस काम को हर हाल में पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि जहां-जहां नई सीवर लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है, वहां गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर की स्वच्छता को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए सीवर समस्या के समाधान के लिए “सुपर सकर” मशीन द्वारा सफाई का महाअभियान चलाया जा रहा है। इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से सफाई व्यवस्था और अधिक तेज, प्रभावी व सुदृढ़ बनेगी।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने उपनगर ग्वालियर में आ रहे बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, सड़क, खेलकूद, शिक्षा हर क्षेत्र में बदलाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर ग्वालियर स्वच्छता के मामले में नंबर एक बनाने के प्रयास करें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि स्वच्छता, सुविधा और बेहतर जीवन स्तर बनाना हमारा संकल्प है। मंत्री तोमर के निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम प्रशासन, विद्युत वितरण कंपनी सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्षद उपस्थित रहे।
मंत्री कुशवाह आज कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे
इधर सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह शनिवार 9 मई को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे। यह बैठक इस दिन सुबह 11.30 बजे आयोजित होगी। बैठक में ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की जायेगी।
बैठक में खासतौर पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, एलीवेटेड रोड, स्मार्ट सिटी, कृषि उपज मंडी, योजना एवं सांख्यिकी, स्कूल शिक्षा, लोक निर्माण, जल संसाधन एवं नगर निगम के अंतर्गत ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा होगी। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
