राजनीति

कांग्रेस ने किसानों के हक में 'चक्का-जाम' कर दिया है; आगरा- मुंबई हाइवे पर, वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी है, प्रशासन ने हाईवे जाम कर रहे कांग्रेसियों को सड़क से हटने का अल्टीमेट दिया

कांग्रेस के चक्का जाम के बाद हाईवे को प्रशासन ने पुलिस छावनी बनाया है, पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की गई

ग्वालियर।  किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने आज ग्वालियर में बड़ा आंदोलन किया है। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान निरावली की ओर कूच कर नेशनल हाईवे पर चक्का जाम का प्रदर्शन कर रहे हैं। 
कांग्रेस का यह आंदोलन गेहूं खरीदी में गड़बड़ी, भुगतान में देरी, स्लॉट बुकिंग/टोकन सिस्टम में अव्यवस्था और MSP से जुड़ी समस्याओं को लेकर विरोध कर रही है।
गुरुवार की सुबह कांग्रेसजन कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पर एकत्रित हुए और वहां से निरावली-रायरू तिराहा (बानमोर-निरावली) की ओर कूच किया गया है। इस चक्काजाम आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश यादव और ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे द्वारा किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के भी शामिल होने की सूचना है।

सड़क सत्याग्रह आंदोलन का यातायात पर असर
कांग्रेस के चक्काजाम के कारण NH-44 पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है, जिसके चलते पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। कांग्रेस ने बीजेपी सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ इस 'सड़क सत्याग्रह' को 
एक निर्णायक लड़ाई बताया है। 
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेश के असहाय, गरीब एवं मेहनतकश अन्नदाता किसान भाइयों की जायज मांगों, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए शहर जिला कांग्रेस कमेटी एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में 7 मई को एक व्यापक और ऐतिहासिक सड़क सत्याग्रह जनआंदोलन किया जा रहा है। वर्तमान परिस्थितियों में प्रदेश का किसान आर्थिक संकट, बढ़ते कर्ज, महंगी लागत और फसल के उचित मूल्य के अभाव से जूझ रहा है। भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों ने किसानों की समस्याओं को और अधिक गहरा कर दिया है, जिसके विरोध में कांग्रेस पार्टी अब निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक चुकी है।
इससे पहले आंदोलन में आज सुबह  समस्त कांग्रेसी कांग्रेस भवन, शिंदे की छावनी पर एकत्रित हुए, जहां से निरावली-रायरू तिराहा की ओर कूच किया । वहां पहुंचकर किसानों की आवाज को बुलंद करते हुए जोरदार प्रदर्शन एवं सड़क सत्याग्रह किया जा रहा है।  जिससे भाजपा सरकार को किसानों की वास्तविक स्थिति और उनकी मांगों का अहसास कराया जा सके।
इस आंदोलन में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की सह-प्रभारी एवं सांसद संजाना जाटव तथा मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल विशेष रूप से आंदोलन का नेतृत्व कर संबोधित करेंगे। इनके मार्गदर्शन में ही आंदोलन प्रदेश स्तर पर एक मजबूत संदेश देगा कि कांग्रेस पार्टी किसान, गरीब और मजदूर वर्ग के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस के सड़क सत्याग्रह में विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद, पार्षद प्रत्याशी सहित शहर एवं ग्रामीण के समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शामिल होने का आह्वान किया है।