डबरा में बनेगा नया पशु चिकित्सालय, पशु स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन भी किया जाएगा, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक सम्मेलन में की कई घोषणाएं
ग्वालियर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर बहुत पुण्य भूमि है, जहां प्राचीनकाल से गौवंश और गौपालन की समृद्ध परम्परा रही है। हम पशुपालन और डेयरी को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के मजबूत स्तंभ के रूप में तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध व्यवसाय हमारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह सभी पशुपालकों के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत माध्यम है। हम प्रदेश के हर किसान और पशुपालक को समृद्ध बनाने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरकार डेयरी क्षेत्र में नवाचार करते हुए निवेश भी बढ़ाने के लिए सभी प्रयास कर रही है। निवेश आयेगा, तो इस सेक्टर में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। हम हमारे युवाओं को गांवों में ही रोजगार मुहैया कराने सभी बेहतर संभावनाओं पर फोकस कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन में भी अग्रणी राज्य बने, यही हमारा लक्ष्य है। पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों की आमदनी में वृद्धि करने के लिए हम मिशन मोड पर काम कर रहे हैं। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने सरकार हर जरूरी कदम उठा रही है। हम अपने प्रयासों से मध्यप्रदेश को देश का मिल्क केपिटल बनाकर रहेंगे। इसके लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल, बेहतर प्रबंधन और सभी पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को मिल्क केपिटल बनाने में ग्वालियर बड़ी भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री यादव सोमवार को ग्वालियर में राज्यस्तरीय पशुपालक एवं दुग्ध उत्पादक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप जलाकर सम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए और सम्मेलन में मौजूद सभी को पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन से जुड़कर प्रदेश को मिल्क केपिटल बनाने में सहयोग देने का संकल्प भी दिलाया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर क्षेत्रीय पशुपालकों को अपने पशुधन के स्वास्थ्य एवं उपचार की स्थानीय स्तर पर सुविधा मुहैया कराने के लिए ग्वालियर में पशुओं का केयर एंड वेलनेस सेंटर खोलने, ग्वालियर के पशु स्वास्थ्य एवं उपचार केन्द्र का उन्नयन करने तथा डबरा में नया पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा की। सम्मेलन के दौरान प्रदेश में पशुपालकों को सरकार द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन की सफलता की कहानियों तथा पशुधन विकास पर आधारित एक वीडियो फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
हर ब्लाक में बनाया जा रहा है एक-एक वृंदावन ग्राम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पशुपालक प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का प्रमुख आधार हैं। किसान कल्याण वर्ष में हमारी सरकार पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों के समग्र कल्याण में भी कोई कसर नहीं रखेगी। गाय का हो या भैंस का, सरकार पशुपालकों से सारा का सारा दूध खरीदेगी और इन्हें दूध का समुचित दाम भी दिलाएगी। मुख्यमंत्री ने अपील करते हुए कहा कि सभी पशुपालक स्वस्थ और उच्च कोटि का पशुधन पालें। सरकार की डा. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना का अधिकतम लाभ उठायें। पशुपालकों को हर संभव सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौवंश को पर्याप्त और बेहतर आहार मिले, इसके लिए दी जाने वाली सहायता राशि हमने 20 रूपए से बढ़ाकर 40 रूपए प्रति गौवंश कर दी है। प्रदेश के हर ब्लॉक में एक-एक वृंदावन ग्राम बनाया जा रहा है, ताकि दुग्ध उत्पादन और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान भाई कदापि चिंता न करें। प्रदेश में कहीं भी, किसी भी विकास अधोसंरचना निर्माण के लिए यदि सरकार किसानों से उनकी जमीन लेगी, तो अब उन्हें चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। प्रदेश के विकास में सहयोगी किसानों के प्रति यही हमारी कृतज्ञता है।
10 हजार से अधिक गौवंश पाल रही लालटिपारा आदर्श गौशाला
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि ग्वालियर जिला हमारे लिए शुभंकर है। यहां 68 हज़ार 737 पशुपालक हैं। इनके द्वारा 4 लाख से अधिक पशुधन की सेवा की जा रही है। जिले में 605 मीट्रिक टन से अधिक प्रतिदिन दुग्ध का उत्पादन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यहां स्थापित प्रदेश की सबसे बड़ी लाल टिपारा आदर्श गौशाला पंचगव्य का जिक्र करते हुए कहा कि ये गौशाला आत्मनिर्भरता की जीवंत मिसाल है। इसमें 10 हजार से अधिक गौवंश हैं। यहां प्रतिदिन 100 टन से अधिक गोबर से 25 टन जैविक उर्वरक और 2 टन सीएनजी का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि घाटीगांव के श्री कृष्णायन देशी गौ-रक्षा गौशाला में 2 हजार से अधिक गौवंश हैं। भितरवार के ग्राम तोड़ा और जुझारपुर की श्रीकृष्ण गौशालाओं में 800 से अधिक गौवंश से गौ-काष्ठ, जैविक खाद, दुग्ध और घी का उत्पादन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर जिले ने कृषि क्षेत्र में भी अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत यहां 25 क्लस्टरों के जरिए 3 हजार 125 किसान प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने गौ-पूजन के उपरांत वृन्दावन ग्राम थीम पर आधारित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन की शुरुआत गो माता का पूजन कर की । इसके बाद पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा वृन्दावन ग्राम थीम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों तक अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी में लगभग 22 स्टॉल लगाए गए, जिनमें पशुपालन विभाग द्वारा आत्मनिर्भर गौशालाएं, डॉ. अंबेडकर कामधेनु योजना, क्षीर धारा ग्राम योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, मोबाइल वेटरनरी यूनिट, दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान तथा सहकार से समृद्धि अंतर्गत दुग्ध उत्पादों की लैब टेस्टिंग से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण अभियान, कृषि यांत्रिकी विभाग द्वारा फसल अपशिष्ट प्रबंधन, मत्स्य विभाग ,मछुआ कल्याण, कृषि, चिकित्सा एवं उद्यानिकी विभागों द्वारा भी शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी लगाई गई।
सम्मेलन में जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के संयोजक महेंद्र सिंह यादव, म.प्र. वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, म.प्र. कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री बघेल, लाल सिंह आर्य, मोहन सिंह सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्वालियर जिले एवं संभाग से आए पशुपालक, दुग्ध उत्पादक, किसान बंधु एवं हितग्राही उपस्थित थे।
