राजनीति

सीएम 04 मई को ग्वालियर प्रवास पर ; ऋषि गालव विवि का भूमिपूजन करेंगे और पशुपालक सम्मेलन में होंगे शामिल, ऊर्जा मंत्री तोमर तैयारियों का जायजा लेने बेलागांव पहुँचे

मेला मैदान में होने वाले विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में सीएम जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे, कलेक्टर ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के दिए निर्देश

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 4 मई को ग्वालियर प्रवास प्रस्तावित है। ग्वालियर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव शिवपुरी लिंक रोड पर बेलागांव ग्राम के अंतर्गत मध्यभारत शिक्षा समिति की महात्वाकांक्षी परियोजना “ऋषि गालव विश्वविद्यालय” का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद मेला मैदान में आयोजित होने जा रहे विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में भाग लेंगे। पशुपालक सम्मेलन के अवसर पर मुख्यमंत्री जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे। ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कलेक्टर रुचिका चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  धर्मवीर सिंह के साथ बेलगांव पहुँचकर विश्वविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियां देखीं। 

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को दोनों कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालक सम्मेलन स्थल के निरीक्षण के दौरान कहा कि कार्यक्रम स्थल पर जीवंत प्रदर्शनी लगाई जाएं, जिससे किसान भाईयों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। साथ ही गर्मी को ध्यान में रखकर कार्यक्रम स्थल पर पेयजल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। साथ ही पार्किंग भी कार्यक्रम स्थल के नजदीक हो, जिससे कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे किसानों व पशुपालकों को कम से कम दूरी तय करनी पड़े। उन्होंने कहा दोनों कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, ओआरएस सहित प्राथमिक चिकित्सा की भी पुख्ता व्यवस्था रहे। 

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद एवं मध्यभारत शिक्षा समिति के पदाधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।