राजनीति

युवाओं की आवाज, युवा संसद 1.0 ; कै. हाकिम सिंह एवं देवेन्द्र सिंह तोमर स्मृति न्यास और प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट के सयुंक्त तत्वावधान में 17-18 अप्रैल को दो-दिवसीय आयोजन होगा

ऊर्जा मंत्री के पुत्र रिपुदमन सिंह ने मीडिया के समक्ष यह जानकारी साझा की, युवा संसद का यह आयोजन स्मृति न्यास के सहयोग से किया जा रहा है

ग्वालियर। कैलाशवासी हाकिम सिंह तोमर की स्मृति में युवाओं की आवाज़, लोकतंत्र का आगाज़ युवा संसद का आयोजन कै. हाकिम सिंह एंव देवेन्द्र सिंह तोमर स्मृति न्यास तथा प्रेस्टीज प्रबंधन एवं शोध संस्थान के विधि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 17-18 अप्रैल 2026 को किया जा रहा है। रिपुदमन सिंह तोमर ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में युवा संसद की रुपरेखा के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हाकिम सिंह, देवेन्द्र सिंह तोमर स्मृति न्यास तथा प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, ग्वालियर का विधि विभाग शैक्षणिक और व्यावहारिक कौशल के संगम का साक्षी बनने जा रहा है। आगामी 17 और 18 अप्रैल 2026 को प्रेस्टीज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के कैंपस में "युवा संसद 1.0" का भव्य आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम दादा जी स्व. हाकिम सिंह तोमर की स्मृति में न्यास के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

 रिपुदमन सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं को भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली, विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय शिष्टाचार के प्रति जागरूक करना है। इसके माध्यम से छात्र न केवल कानून बनाना सीखेंगे, बल्कि देश के ज्वलंत मुद्दों पर तार्किक चर्चा करने की कला में भी निपुण होंगे। उन्होंने बताया कि युवा संसद में विभिन्न समितियों के माध्यम से गंभीर वैश्विक और राष्ट्रीय मुद्दों पर मंथन होगा, जिसमें लोकसभा-अरावली पहाड़ियाँ, विकासात्मक आवश्यकताओं और पारिस्थितिक स्थिरता के बीच संतुलन, राजनीतिक दल बैठक, युवाओं का राजनीतिक लामबंदीकरण और आतंकवाद का खतरा, मिथक या वास्तविकता, इंटरनेशनल प्रेस, पत्रकारिता और फोटोग्राफी के माध्यम से रिपोर्टिंग आदि शामिल है।

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र में संवाद और विचार-विमर्श की संस्कृति को अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों को वास्तविक राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने AIPPM के संदर्भ में युवाओं की राजनीतिक भागीदारी तथा आतंकवाद जैसे गंभीर विषयों पर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

इस प्रेस कांफ्रेंस में संस्थान की निदेशक डॉ. निर्मला बंदोपाध्याय, विधि विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. राखी सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

*विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार* 

 रिपुदमन सिंह ने बताया कि इस आयोजन की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए कुछ नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई है, जिसमें लोकसभा, राज्यसभा, AIPPM, में प्रथम पुरस्कार- ₹21,000, द्वितीय पुरस्कार- ₹11,000, तृतीय पुरस्कार-₹5,100 तथा  पत्रकारिता, फोटोग्राफी (IP)- ₹11,000 की राशि निर्धारित की गई है। सभी विजेताओं को नगद पुरस्कार के साथ-साथ ट्राफी और सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे।

 उन्होंने बताया कि इस युवा संसद कार्यक्रम में भारत के अलग- अलग क्षेत्र से प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया है, जिसमें दिल्ली, यूपी और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के लगभग 300 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्रतिभागी शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे । कार्यक्रम के पहले दिन सामाजिक संध्या का भी आयोजन  होगा, जो शाम 5 से 6 बजे के बीच आयोजित होगी।