भाजपा सरकार अभी संभाग स्तर पर फिर हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बनाने जा रही है , प्रदेश अध्यक्ष बोले मप्र के बड़े शहरों तक चिकित्सा प्रकोष्ठ के ‘सेवा प्रकल्प‘ का विस्तार किया जाएगा
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में सेवा ही संगठन के तहत ‘सेवा प्रकल्प‘ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मोबाइल नंबर 9203597200 एवं 9203697200 जारी किया गया है। इन मोबाइल नंबरों पर पार्टी कार्यकर्ता व परिवारजन संपर्क कर चिकित्सकीय जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा संचालित किए जाने वाले ‘सेवा प्रकल्प‘ के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेशभर में गांव-गांव में आंखों की जांच के शिविर लगाए, भाजपा सरकार जरूरत मंदों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराएगी। मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में राजमार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग बने हैं जहां होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित इलाज मिले, इसके लिए सरकार एक योजना बना रही है। इस योजना के तहत राजमार्गों के किनारे अस्पताल बनाने वालों को 30 प्रतिशत अनुदान सरकार देगी। हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए हमारी सरकार अभी संभाग स्तर पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बना रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी जिलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल बने, इस संबंध में भी तेजी से कार्य हो रहा हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के विश्वास और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सक्रियता से पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा आज से संचालित यह ‘सेवा प्रकल्प‘ कार्यकर्ताओं और जनता के दुखों को दूर करने का कार्य करेगा। पार्टी ने नवाचार करते हुए अभी प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा प्रकल्प‘ शुरू किया है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य बड़े शहरों तक ‘सेवा प्रकल्प‘ खोलकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि ‘सेवा प्रकल्प‘ भाजपा सरकार और संगठन के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाएगा। यह नवाचार पार्टी के सेवा ही संगठन और राष्ट्र ही प्रथम के सिद्धांत को प्रतिपादित कर रहा है। मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा का ‘सेवा प्रकल्प‘ प्रदेश की जनता को आरोग्य प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा। भाजपा सरकार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही है।
मध्यप्रदेश भाजपा की कल्पनाशीलता है सेवा का प्रकल्प : यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लगातार विस्तार के लिए कार्य कर रही है। पीएम मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना बनाकर गरीबों, वंचितों और बुजुर्गों को पांच लाख रूपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की कार्यकर्ताओं और प्रदेश की जनता की सेवा के प्रति उनके लगन का प्रत्यक्ष प्रमाण है पार्टी का यह ‘सेवा प्रकल्प‘। यह योजना भाजपा संगठन और सरकार की जनता के प्रति सेवा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इतनी बड़ी संख्या में चिकित्सा प्रकोष्ठ के चिकित्सागण व कार्यकर्ता यहां उपस्थित हैं, जिससे पार्टी के साथ सरकार को भी भरोसा हो गया कि आने वाले दिनों में यह सभी लोग जनता की सेवा के लिए पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। हमारी सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। वर्तमान में मध्यप्रदेश में 55 जिले हैं और 52 जिलों में मेडिकल कॉलेज संचालित हैं।
कांग्रेस सरकारों में प्रतिभा का पलायन होता रहा
मुख्यमंत्री ने कहा अब देशभर में बहुत तेज गति से मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं। केंद्र में जब लगातार कांग्रेस की सरकारें थीं, मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) के जरिए ऐसे कड़े नियम बनाए थे कि मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए अनुमति ही नहीं मिल पाती थी। मेडिकल कॉलेज नहीं होने से मध्यप्रदेश सहित देशभर की बौद्धिक प्रतिभाओं का पलायन होता रहा, लेकिन कांग्रेस पार्टी और उसकी सरकार ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। पीएम मोदी नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद नियमों में सुधार किया गया और अब लगातार मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजीत देशमुख, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अंशुल तिवारी, पवन दुबे, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व प्रदेशभर से आए वरिष्ठ चिकित्सक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
