राजनीति

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने मुरार में 3.5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया, 28 लाख की लागत से तैयार चलित प्याऊ भी जनता को समर्पित की

विकास के साथ स्वच्छता को लेकर भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करें : विस अध्यक्ष तोमर ने वार्ड-26 में विकास कार्यों की श्रृंखला चलाने क्षेत्रीय पार्षद की सराहना की

ग्वालियर। विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकास के साथ हम सब स्वच्छता को लेकर भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करें। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिये केवल नगर निगम के ही प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, इसमें हम सबको भी बराबर की भागीदारी करनी होगी। यह विचार विधानसभा अध्यक्ष  नरेन्द्र सिंह तोमर ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर तिकोनिया पार्क मुरार में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में व्यक्त किए। उन्होंने वार्ड-26 के अंतर्गत विकास कार्यों की श्रृंखला चलाने के लिये क्षेत्रीय पार्षद ममता शर्मा की सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने इस अवसर पर वार्ड क्र.-26 के अंतर्गत लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपए लागत के एक दर्जन विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही वार्ड-26 की पार्षद  ममता शर्मा द्वारा 28 लाख रुपए की लागत से एक वाहन में तैयार कराई गई शीतल व शुद्ध पेयजल की चलित प्याऊ भी मुरार क्षेत्र के बाजारों के लिये समर्पित की। जिन कार्यों का शिलान्यास व भूमिपूजन किया गया, उनमें वार्ड क्र.-26 की विभिन्न बस्तियों में बनने जा रही सीमेंट कंक्रीट की सड़कें, नालियां व सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया, पार्षदगण गिर्राज कंषाना,  ममता शर्मा, रेखा त्रिपाठी व मंजूलता कुशवाह, सर्वश्री जयसिंह कुशवाह, देवेश शर्मा, अशोक जैन, बैजनाथ घुरैया व  अशोक जादौन सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव मंचासीन थे।

विधानसभा अध्यक्ष  तोमर ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा स्वर्णिम भारत के निर्माण के लिये महती प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है। हम सब भी इसमें पूरे समर्पण भाव से योगदान देने के लिये आगे आएं। उन्होंने देश में आर्थिक विषमता को दूर करने के लिये सरकार द्वारा शुरू किए गए क्रांतिकारी कार्यक्रम मसलन जनधन खाता, मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना इत्यादि का विशेष रूप से उल्लेख किया। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का आह्वान किया कि आप सब सरकार की कौशल उन्नयन योजनाओं का लाभ उठाकर हुनरमंद बनें। इससे रोजगार मिलने में कठिनाई नहीं आयेगी। सभापति मनोज तोमर ने कहा कि वार्ड-26 में क्षेत्रीय पार्षद के प्रयासों से लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। यहां के अन्य कार्य भी नगर निगम एवं सरकार की योजनाओं के तहत कराए जायेंगे। उन्होंने कहा कि सभापति निधि से भी वार्ड-26 में विकास कार्यों के लिये धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

आरंभ में बाबा साहब अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने बाबा साहब द्वारा देश के निर्माण में दिए योगदान का उल्लेख कर अपने उदबोधन की शुरूआत की। विस अध्यक्ष ने पट्टिकाओं का अनावरण कर लगभग साढ़े 3 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने तिकोनिया पार्क में गोगादेव महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। कार्यक्रम का संचालन घुरैया द्वारा किया गया।