ग्वालियर। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। समारोह में बाबा साहब अंबेडकर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर देश को और सशक्त बनाने का संकल्प भी लिया गया।
भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर की जयंती सम्पूर्ण प्रदेश में आयोजित की गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर निगम के बाल भवन सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव ने की। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, कलेक्टर रुचिका चौहान, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त प्रतीक राव, एडीएम सीबी प्रसाद,अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार सहित बड़ी संख्या में महिलायें एवं स्कूली बच्चे शामिल हुए।
क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें संविधान के माध्यम से अधिकार और कर्तव्य बताए हैं। उनके बताए गए मार्ग पर चलकर ही हम अपने समाज और देश को प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ा सकते हैं। डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा पर सबसे अधिक जोर दिया है। शिक्षित व्यक्ति ही अपने परिवार, समाज और देश के विकास में भागीदार बन सकता है।
सांसद कुशवाह ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम से अनेक जनकल्याण के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के महू में बाबा साहब अंबेडकर स्मारक के विस्तार का कार्य करने के साथ-साथ ग्वालियर के जौरासी में भी डॉ. अंबेडकर धाम का निर्माण किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब अंबेडकर ने समाज में समरसता लाने का संदेश दिया है। उन्होंने शिक्षा पर और खासतौर से महिला शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही है। डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलकर हम सबको अपने प्रदेश और देश के विकास में भागीदार बनना चाहिए।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर जयंती महिला समानता और सशक्तिकरण के लिये किए गए प्रयासों और उनके योगदान को स्मरण करने का दिन है। केन्द्र सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा डॉ.अंबेडकर के नाम से जनकल्याण के अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में पिछड़े व्यक्तियों को आर्थिक एवं शैक्षणिक रूप से विकसित कर समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य करना है।
कलेक्टर चौहान ने कहा कि बाबा साहब के नाम से स्वरोजगार हेतु आर्थिक कल्याण योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय शिक्षा के लिये हर संभव की जा रही है। अनुसूचित जाति, जनजाति के विद्यार्थियों को शिक्षा में प्रोत्साहन हेतु छात्रवृति के रूप में प्रदेश सरकार द्वारा आर्थिक मदद की जाती है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत सहायता राशि देने का प्रावधान है। पिछले दो वर्षों में ग्वालियर जिले में लगभग 50 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई है।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में सदभाव और भाईचारे का संदेश दिया है। हम सबको आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करने का भाव हमेशा रखना चाहिए। उन्होंने समाज में समरसता और भाईचारे का भाव रहे, इसके लिये समाज के सभी वर्गों को सार्थक प्रयास करना चाहिए। कलेक्टर ने शिक्षकों से भी अपेक्षा की कि वे अपने- अपने कार्य क्षेत्र में समाज में समरसता और भाईचारा बढ़े, इसके लिये प्रयास करें।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी धूमधाम से मनाई जा रही है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी विभिन्न योजनाओं और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सबको डॉ. अंबेडकर द्वारा बताए मार्ग पर चलकर प्रदेश और देश के विकास में भागीदार बनना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सांसद कुशवाह ने दिलाई समरसता की शपथ
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह के अंत में क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने सभी को सामाजिक समरसता की शपथ दिलाई।
