राजनीति

अम्बेडकर जयंती-2026; जन्म स्थली महू में विशाल समागम में सीएम होंगे शामिल, श्रद्धालुओं की आव-भगत मेहमानों की तरह की जा रही है

शासन ने आवास, भोजन, पेयजल के लिए विशेष व्यवस्था की हैं , इंदौर में बीआर अंबेडकर की जयंती पूर्ण आस्था एवं अपार उत्साह के साथ मनाई जा रही हैं

भोपाल। संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अम्बेड़कर की जयंती 14 अप्रैल को पूर्ण आस्था एवं अपार उत्साह के साथ मनाई जा रही है । डॉ. अम्बेड़कर नगर महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक में विशाल समागम हो रहा है। पिछले दो दिनों से लोगों के आने का सिलसिला जारी हो गया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं।

इस वर्ष भी 14 अप्रैल को डॉ अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह पूर्ण उत्साह, उमंग और आस्था के साथ इंदौर जिले के अंबेडकर नगर (महू) में मनाया जा रहा है।  जयंती उत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की मेहमानों की तरह आवभगत की जा रही है। उनके   लिए आवास, भोजन, शीतल पेयजल आदि की विशेष व्यवस्था की गई है। जन्म स्थली पर बने भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की गई है।

अम्बेडकर जयंती उत्सव समारोह में प्रदेश सहित अन्य प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचे हैं। जिनके आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल की शाम से शुरू हो गया था।  श्रद्धालुओं की भोजन  व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर में की गई है। यह भोजन व्यवस्था  14 अप्रैल की शाम तक जारी रहेगी। भंतो के भोजन की व्यवस्था माहेश्वरी स्कूल में की गई है तथा उनके रूकने की व्यवस्था भी इसी स्कूल में है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये पर्याप्त संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण भी किया है। पेयजल व्यवस्था के लिये विभिन्न स्थानों पर प्याऊ का निर्माण भी किया गया है।

अम्बेडकर जयंती के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के रूकने के लिये धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल एवं केन्ट बोर्ड कन्या स्कूल में की गई है। इसके अलावा तीन विशाल डोम भी ठहरने के लिए बनाए गए हैं।

कार्यक्रम स्थलों को 7 सेक्टर में विभाजित किया है

व्यवस्था के लिये कार्यक्रम स्थलों को 7 सेक्टर में विभाजित किया  है। यह सेक्टर महेश्वरी स्कूल महू, डॉ. अम्बेडकर जन्म स्थली, केन्ट प्रायमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेल्वे स्टेशन से सात रास्ता, केन्ट बोर्ड कन्या विद्यालय तथा उत्कृष्ट विद्यालय महू में बनाये गए हैं। इन 7 सेक्टरों में दल का गठन कर सभी विभागों के व्यक्तियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन 7 सेक्टरों पर मराठी भाषी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई है, जिससे कि आने वाले श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिये 3 स्थानों पर कन्ट्रोल रूम बनाए हैं। यह कंट्रोल रूम तहसील परिसर महू, अम्बेडकर जन्म स्थली स्मारक तथा स्वर्ग मंदिर परिसर में हैं

महू में 6 स्थानों पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था

महू में जयंती समारोह में 6 स्थान पर आकस्मिक चिकित्सा की विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों का दल गठित कर ड्यूटी लगाई है। कार्यक्रम के दौरान साफ-सफाई के लिये इन्दौर नगर निगम एवं स्थानीय निकाय का अमला तैनात है। समारोह में अग्निशमन की भी व्यवस्था रहेगी।

इंदौर कलेक्टर ने महू जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा सोमवार को डॉ. अम्बेड़कर नगर महू पहुँचे। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने समारोह के लिए विभिन्न प्रान्तों से आए श्रद्धालुओं से चर्चा की और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर  वर्मा ने श्रद्धालुओं के लिए की गई सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसी व्यवस्थाएं बनायी रखी जाए, जिससे कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। 

 अम्बेडकर जयंती पर प्रदेश में आज सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

भोपाल। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 14 अप्रैल, 2026 मंगलवार को पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश डॉ. बीआर अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में दिया गया है। राज्य सरकार ने यह निर्णय भारत सरकार के निर्देशों के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए लिया है। इस आदेश के तहत राज्य के सभी सरकारी कार्यालय, संस्थान और शैक्षणिक केंद्रों में मंगलवार को अवकाश रहेगा।