राजनीति

बाबा साहब डॉ.अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को बाल भवन में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, सम्पूर्ण जिले में जगह-जगह बाबा साहब पर केन्द्रित कार्यक्रम होंगे

विधानसभा अध्यक्ष तोमर 14 अप्रैल को ग्वालियर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल,शाम को मुरार में अंबेडकर जयंती पर भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे

ग्वालियर। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को सुबह 11.30 बजे बाल भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इस आयोजन में बाबा साहब अंबेडकर के जीवन पर केन्द्रित व्याख्यान होंगे। साथ ही हितग्राहियों को सम्मानित किया जायेगा। यह आयोजन वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष गाम सभाओं का आयोजन होगा। साथ ही सम्पूर्ण जिले में जगह-जगह बाबा साहब पर केन्द्रित कार्यक्रम होंगे।

विस अध्यक्ष तोमर 14 अप्रैल को शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 14 अप्रैल को ग्वालियर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सुबह 10.30 बजे आईटीएम यूनिवर्सिटी द्वारा उस्ताद अलाउद़दीन खान सभागार लियोनार्दो द विंची ब्लॉक में आयोजित डॉ. राममनोहर लोहिया स्मृति व्याख्यान - II कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5 बजे बीपी सेल्स सेठी पेट्रोल पंप शहीद गेट मुरार में अवंतिका गैस लिमिटेड (सीएनजी) के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। शाम 6 बजे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में वार्ड-26 स्थित तिकोनिया चौराहा अल्पना टॉकीज के पास मुरार में आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।