टॉप न्यूज़

स्वास्थ्य शिविर में पहली बार 'रोबोटिक सर्जरी'; शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने देखा ऑपरेशन, देश में पहली बार किसी स्वास्थ्य शिविर में हुई रोबोटिक सर्जरी

श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ

शिवपुरी/ ग्वालियर। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज शिवपुरी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन एवं रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर के दौरान संपन्न हुई रोबोटिक सर्जरी का अवलोकन किया।

 उल्लेखनीय है कि शिवपुरी जिले में पहली बार रोबोटिक सर्जरी संपन्न हुई है। साथ ही देश में भी पहली बार किसी स्वास्थ्य शिविर के दौरान इस प्रकार की अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी की गई है, जो चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 हर्निया मरीज की सफल रोबोटिक सर्जरी

सोमवार को शिवपुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में उपचार के लिए आए एक हर्निया मरीज का ऑपरेशन प्रसिद्ध सर्जन डॉ. मेहक भंडारी एवं उनकी टीम द्वारा अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक की सहायता से सफलतापूर्वक किया गया।

यह सर्जरी मिनिमली इनवेसिव (कम चीरा वाली) तकनीक से की गई, जिससे मरीज को कम दर्द, कम रक्तस्राव तथा शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता मिलती है।

 इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सर्जरी प्रक्रिया का अवलोकन किया और केंद्रीय मंत्री ने सर्जरी की पूरी प्रक्रिया को निकट से देखा। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों की टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की विश्वस्तरीय चिकित्सा तकनीक को स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचाना एक महत्वपूर्ण पहल है।

 सिंधिया ने कहा कि इस प्रयास से दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी आधुनिक और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा, जो जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल है।है।