अपना शहर

विक्रमोत्सव-2026 का आयोजन 19 मार्च को ;जिला स्तरीय समारोह बाल भवन सभागार में होगा, सम्राट विक्रमादित्य पर केन्द्रित नाट्य का मंचन भी होगा

कलेक्टर चौहान ने बैठक में विक्रमोत्सव को पूरे उत्साह उमंग के साथ आयोजन की तैयारियों के संबंध में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ग्वालियर। भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम समवत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर विक्रमोत्सव 2026 का आयोजन प्रदेशभर में होगा। ग्वालियर जिले का जिला स्तरीय समारोह 19 मार्च को नगर निगम के बाल भवन सभागार में आयोजित होगा। समारोह में गणमान्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति में नववर्ष के शुभारंभ का महोत्सव मनाया जायेगा। 

 कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में विक्रमोत्सव को पूरे उत्साह उमंग के साथ आयोजित करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय आयोजन के लिये नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय आयोजन बाल भवन के सभागार में आयोजित होगा। समारोह में सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा सूर्य को अर्क देकर सूर्य देवता की आराधना कर सभी की खुशहाली की कामना की जायेगी। 

 विक्रमोत्सव के तहत जिला स्तरीय समारोह में सम्राट विक्रमादित्य पर केन्द्रित नाटक का मंचन भी किया जायेगा। ग्वालियर में कोटि सूर्योपासना नाटक का मंचन होगा। इसकी प्रस्तुति हरेन्द्र नाट्य एवं लोक कला समिति ग्वालियर द्वारा नाट्य निर्देशक हिमांशु द्विवेदी के नेतृत्व में होगी। समारोह सुबह 10 बजे से आयोजित किया जायेगा।