ग्वालियर। दिनदहाड़े ग्वालियर में हुई लूट का खुलासा हो गया है। पुलिस ने पांचों लुटेरों को गिरफ्तार करने के साथ ही सम्पूर्ण रकम एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन भी जब्त कर लिया है। ग्वालियर शहर के बीच दिनदहाड़े कैश से भरा बैग लूटने वाले लुटेरे और साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड सहित पांच बदमाशों को पुलिस ने गुड़गांव हरियाणा से गिरफ्तार करने का दावा किया है। लूट की प्लानिंग फरियादी के करीबी ने की थी। उसी ने पैसे की डिलीवरी के दौरान साथियों से लूट की वारदात करवाई थी।वह पहले भी कई बार कलेक्शन एजेंट को कैश देने का काम कर चुका है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी वासुदेव शर्मा निवासी चूरु (राजस्थान), हाल सिटी सेंटर महलगांव, विश्वविद्यालय द्वारा थाना कम्पू में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके जीजा संदीप शर्मा का प्लाईवुड का व्यवसाय है, जिसमें वह पार्टियों से रुपये लेने-देने का कार्य करते हैं। बीते दिनों 25 फरवरी को वह विभिन्न पार्टियों से लगभग 05 लाख रुपये प्राप्त कर उन्हें अपने नीले रंग के बैग में रखकर एमएलबी कॉलेज ग्राउंड में बैठा था। शाम करीब 06 बजे जब वह नाश्ता करने ग्राउंड के गेट से बाहर निकला, तभी बिना नंबर की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे धक्का देकर बैग छीन लिया और फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कम्पू में धारा 309(4) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था।
दिनदहाड़े ग्वालियर में हुई लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल थाना कम्पू व क्राईम ब्रांच की टीमें बनाकर अज्ञात आरोपियों की पतारसी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिये। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन में पुलिस की टीमों को लूट के प्रकरण में वांछित अज्ञात आरोपियों की तलाश में लगाया तथा एक टीम को घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक करने के लिये लगाया गया।गया।
सीसीटीवी एवं तकनीकी विश्लेषण से मिला अहम सुराग
घटना स्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध आरोपी बिट्टू को चिन्हित किया। तकनीकी सेल एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर जानकारी प्राप्त हुई कि संदेही बिट्टू अपने साथियों के साथ गुड़गांव गया है। पुलिस टीम ने गुड़गांव पहुंचकर बिट्टू एवं उसके साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में बिट्टू ने हर्ष, राज शर्मा व दो अन्य के साथ मिलकर लूट की प्लानिंग कर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूर्व नियोजित साजिश का किया खुलासा
पुलिस द्वारा आरोपी बिट्टू की निशादेही पर राज शर्मा को उसके घर से तथा हर्ष को मेला ग्राउण्ड गोला का मंदिर के पास से अभिरक्षा में लिया जाकर पूछताछ की तो सामने आया कि राज शर्मा पैसों के लेन-देन का कार्य करता है और उसका फरियादी से पूर्व में भी लेनदेन रहा है। राज शर्मा ने आरोपियों के साथ मिलकर योजना बनाई कि वासुदेव शर्मा को 1,50,000/- रुपये का भुगतान किया जाना है। जैसे ही रकम दी जाएगी, पीछे से लगे आरोपी हर्ष और बिट्टू रुपये छीन लेंगे। योजना के अनुसार 25.02.2026 को रकम की डिलीवरी होते ही आरोपियों ने एक्टिवा से पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम दिया और गोला का मंदिर क्षेत्र स्थित एक कमरे में जाकर रकम का बंटवारा कर लिया। जब आरोपियों ने पूरी राशि की गिनती की तो कुल 6,85,000/- रुपये निकले। बंटवारा में 2-2 लाख रूपये हर्ष, बिट्टू, एवं राज शर्मा, तथा 35,000/- रुपये करण एवं 50,000/- रुपये बनिया तोमर को मिले।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई कुल रकम 6,85,000/- रूपये जब्त की गई है। जबकि फरियादी द्वारा मात्र पांच लाख रुपये लूट में लिखाये गये थे। फरियादी से फिर पूछताछ की गई तो बताया कि वह जल्दबाजी में आखिरी पेमेंट जो 150000/- रूपये का मिला था उसको बता नहीं पाया था। इसलिए मैंने उस उक्त रकम 05 लाख बताई थी। कुल मेरी रकम 650000/- रूपये ही लूट की गई थी। पुलिस द्वारा उक्त लूट में समस्त रकम 6,85,000/- एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा गाड़ी जब्त की गई है। थान कम्पू पुलिस द्वारा आरोपियों को लूट के प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड प्राप्त करने के बाद शहर में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जावेगी।
गिरफ्तार आरोपीगण :-
1. लोकेंद्र सिंह तोमर उर्फ बिट्टू पुत्र स्व रामकिशोर सिंह तोमर 21 साल निवासी चौहान मंदिर के पास न्यू ग्रेसिम बिहार कॉलोनी चार शहर का नाका ग्वालियर।
2. शौर्य प्रताप सिंह तोमर उर्फ हर्ष पुत्र प्रमोद सिंह तोमर 18 साल निवासी परीक्षितपुरा थाना अंबाह मुरैना हाल निकुंज मोटर्स के सामने गोले का मंदिर ग्वालियर।
3. राज शर्मा पुत्र मुकेश शर्मा उम्र 27 साल निवासी गोपाल नगर गदाईपुरा हजीरा ग्वालियर।
4. शिवम तोमर उर्फ बनिया पुत्र सुरेन्द्र तोमर उम्र 23 साल पुरानी कांचमील बिरला नगर हजीरा ग्वालियर।
5. करन तोमर पुत्र मलखान सिंह तोमर उम्र 22 साल निवासी न्यू कांचमील बिरला नगर हजीरा ग्वालियर।
सराहनीय भूमिका :- थाना प्रभारी कम्पू अमर सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा, थाना प्रभारी हजीरा जितेन्द्र सिंह तोमर, थाना कम्पू टीम- एसआई देवेन्द्र सिंह, एएसआई सुनील तोमर, प्रआर. राजकुमार राठौर, आरक्षक अजब सिंह, नवल सिंह, वीरभान सिंह गुर्जर, सक्षम तिवारी , सीसीटीव्ही टीम-: थाना प्रभारी हस्तिनापुर देवेन्द्र लोधी, प्रआर रामवरन लोधी, आरक्षक विकास माहौर, योगेंद्र गुर्जर(थाना उटीला), क्राईम ब्रांच टीम-: उप निरी. रमाकांत उपाध्याय, रजनी रघुवंशी, दिनेश सिंह तोमर, प्रआर विजय यादव, संजय शुक्ला, धर्मेन्द्र सिंह,आरक्षक रत्नेश राजावत, मनीष कटारे, आकाश पाण्डेय, नवीन पाराशर, अरूण कुमार, थाना हजीरा टीम-: आरक्षक प्रमोद शर्मा, योगेंद्र तोमर, ध्रुव गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।रही।
