क्राइम

टोल पर फायरिंग करने वाले बदमाशों पर शिकंजा;बरेठा टोल प्लाजा बूथ पर टोलकर्मी पर फायरिंग करने वाले बदमाशों को पुलिस ने पिस्टल सहित गिरफ्तार किया

पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटर साइकिल, एक पिस्टल 32 बोर व एक जिंदा राउण्ड, दो हेलमेट, दो मुंह पर लपेटने वाले गमछे जब्त किए

ग्वालियर। महाराजपुरा थाना पुलिस ने टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही में बदमाशों को दबोचने का दावा किया है। बरेठा टोल प्लाजा बूथ पर बैठे टोल कर्मी पर फायरिंग करने वाले बदमाशों को महाराजपुरा पुलिस ने पिस्टल सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त बुलेट सहित एक पिस्टल 32 बोर व एक राउण्ड, दो हेलमेट, दो मुंह पर लपेटने वाले गमछे जब्त किये है।

 ग्वालियर पुलिस ने पुराने विवाद का बदला लेने के लिए फायरिंग करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के बाद दो दिन में तीन सैकडा से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगालकर बरैठा टोल प्लाजा पर फायरिंग करने वाले दोनों बदमाशों को पकड़ा है। जिनकी पहचान अश्वनी भदौरिया (22) और निखिल चौहान (19) के रूप में हुई है। अश्वनी भिंड और निखिल यूपी के गाजीपुर का रहने वाला है। दोनों ही आरोपी छात्र हैं और अभी ग्वालियर के बड़ागांव में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्र में हाईवे बनाने की बात लिखी थी।

घटनाक्रम के अनुसार फरियादी रोहित कुमार निवासी ग्राम सोहराई थाना खंडोली जिला आगरा हाल बरेठा टोल कैम्पस की रिपोर्ट पर थाना महाराजपुरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ  धारा 109(1), 351(3),3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। टोल प्लाजा पर फायरिंग मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने प्रकरण के दोनों अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पकड़ने निर्देशित किया। वरिष्ठों के निर्देश पर एएसपी विदिता डागर ने थाना प्रभारी महाराजपुरा की पुलिस की टीम को प्रकरण में वांछित अज्ञात आरोपियों की पतारसी कर पकड़वाने के लिए लगाया गया। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल के नेतृत्व में टीम ने घटना स्थल के आसपास के लगभग 300 सीसीटीव्ही फुटेज तीन टीमों के द्वारा चेक कर संदिग्धों को चिन्हित कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया ।

 मामले की जांच के दौरान बीते बुधवार को महाराजपुरा पुलिस ने मुखबिर सूचना  पर फायरिंग प्रकरण में वांछित दोनों आरोपियों को मुरार क्षेत्र के 7 नं. चौराहा के पास एक होटल से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम (1) अश्वनी भदौरिया पुत्र योगेन्द्र सिंह भदौरिया उम्र 22 साल निवासी वीरेन्द्र नगर थाना सिटी कोतवाली भिण्ड हाल बैंक कॉलोनी बड़ागॉंव थाना मुरार जिला ग्वालियर एवं (2) निखिल चौहान पुत्र देवेन्द्र सिंह उम्र 19 साल निवासी ग्राम टिल्डा जिला गाजीपुर (उप्र.) बताया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने फायरिंग की घटना कारित करना स्वीकार किया।

आरोपियों से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट रॉयल इनफील्ड मोटर साइकिल क्रमांक ब्ळ07- ब्ड-2991 तथा दो हेलमेट, दो गमछे और घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल 32 बोर व एक जिंदा राउण्ड  जब्त की गई। आरोपियों से बरेठा टोल पर  घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होने बताया कि अश्वनी भदौरिया  भिण्ड का रहने वाला है और भिण्ड से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशील है। एक वर्ष पूर्व अपने पिता के साथ यात्रा करते समय टोल कर्मियों से हुए विवाद को लेकर आक्रोश था उसी गुस्से के चलते उसने आकाश भदौरिया के नाम से चिट्ठी लिखकर बरेठा टोल के बूथ नं. 7 के ऑपरेटर को थमाकर फायरिंग की थी।  इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर एसएसपी ग्वालियर द्वारा 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।है।