ग्वालियर जिले में फरवरी माह में मौसम सामान्य होने से 10 फरवरी से स्कूलों के समय में परिवर्तन किया jजा रहा है। कलेक्टर रूचिका चौहान के निर्देश पर यह आदेश जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी ने जारी किया है। इस आदेश के अनुसार स्कूलों में 10 फरवरी से कक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश ग्वालियर जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, एमपी बोर्ड , सीबीएसई, आईसीएसई एवं शासन द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में लागू होगा।
MP बोर्ड परीक्षाएं कल मंगलवार से
इधर प्रदेश में मंगलवार 10 फरवरी से बोर्ड परीक्षा भी शुरु होने जा रही हैं। प्रदेशभर में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में करीब 16 लाख से अधिक छात्र - छात्राएं इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं । जिनके लिए प्रदेशभर में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और थानों से प्रश्न-पत्र निकालने तक वीडियोग्राफी की जाएगी।
10 फरवरी से 12वीं, 13 फरवरी से 10वीं की परीक्षा
माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 10 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 13 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी। इस बार करीब 9.07 लाख छात्र 10वीं और लगभग 7 लाख छात्र 12वीं की परीक्षा देंगे।
हर जिले के संवेदनशील केंद्रों पर 'तीसरी आंख' से निगरानी
प्रदेश के हर जिले में चार-चार फ्लाइंग स्क्वॉड बनाए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यहां CCTV कैमरों के जरिए भोपाल स्थित बोर्ड कार्यालय से सीधी मॉनिटरिंग होगी। इसके अलावा थानों से प्रश्नपत्र निकालने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य की गई है।
