प्रदेशभर के शासकीय विद्यालयों में हुआ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण, प्रदेश का राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष स्कूल में हुआ
ग्वालियर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार 6 फरवरी को परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से संवाद किया। इसके साथ ही परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान भी किया। सम्पूर्ण प्रदेश के विद्यालयों में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत ग्वालियर जिला मुख्यालय पर भी जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उमावि क्र.-1 मुरार में आयोजित किया गया।
ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सतेन्द्र सिंह घुरैया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी पुष्पा ढोड़ी, सहायक परियोजना समन्वयक जेपी व्यास, प्राचार्य शा. उत्कृष्ट विद्यालय प्रबुद्ध गर्ग, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा पर चर्चा करते हुए पीएम नरेन्द्र मोदी ने विद्यार्थियों से कहा कि सपनों को देखना जरूरी है, परंतु उसे पूरा करने के लिये कर्म भी करना होगा। महापुरुषों की जीवनी पढ़नी होंगीं ताकि पता चल सके कि कितनी मेहनत से आगे बढ़ा जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने देश में निर्मित वस्तुओं का गौरव करना होगा तभी सम्पूर्ण विश्व गौरव करेगा। नई-नई टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करके ही जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने उपस्थित होकर परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना।
2018 से लगातार हो रहा आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2018 से "परीक्षा पे चर्चा" कार्यक्रम के दौरान परीक्षाओं के तनाव को दूर करने के लिए विद्यार्थियों से संवाद करते हैं। इस वर्ष यह कार्यक्रम का 9 वां संस्करण था। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर से आये विद्यार्थियों की विभिन्न शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों पर किया गया।
9 फरवरी को होगा अगला प्रसारण
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का अगला प्रसारण 9 फरवरी 2026 को होगा। जिसमें प्रधानमंत्री मोदी देश के विभिन्न अंचलों के विद्यार्थियों के साथ चर्चा करेंगे। यह कार्यक्रम विभिन्न संचार माध्यमों पर सुबह 10 बजे से प्रसारित किया जायेगा। प्रदेश के विद्यालयों में उक्त कार्यक्रम के सजीव प्रसारण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।हैं।
