बिजनेस

9 दिन में जिले के 88 गाँवों में पहुँचे कृषि रथ ; किसानों को नई कृषि तकनीक और योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं कृषि रथ

जिले में भी पूरे प्रदेश के साथ वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, शासन के निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के सभी विकासखंडों के गाँवों में कृषि रथ पहुँच रहे हैं

ग्वालियर जिले में भी संपूर्ण प्रदेश के साथ वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिले के सभी विकासखंडों के गाँवों में कृषि रथ पहुँच रहे हैं। कृषि रथों के साथ जा रहे कृषि एवं उससे जुड़े विभागों के अधिकारियों द्वारा किसान भाईयों को नई-नई कृषि तकनीक और किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पिछले 9 दिनों के दौरान जिले के 88 ग्रामों में कृषि रथ पहुँच चुके हैं। 

 उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आरएस जाटव ने बताया कि कृषि रथ गांवों में पहुँचने के बाद कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अमले द्वारा किसान भाईयों को फसल, मिट्टी, उर्वरक, कीट प्रबंधन, पशुपालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाता है। साथ ही उन्नत खेती व पशुपालन के लिये उपयोगी जानकारी भी दी जाती है। इस दौरान पराली व नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती एवं ई-टोकन प्रणाली से खाद वितरण व्यवस्था की जानकारी भी दी जा रही है।