बिजनेस

पीएमएफएमई योजना; ग्वालियर जिले में पीएम मायक्रो फूड उद्यम उन्नयन योजना के तहत लगाए जा रहे हैं विशेष शिविर

बनवार में आयोजित शिविर में हितग्राही चिन्हित किए गए, लक्ष्य से कम प्रकरण भेजने पर होगी कार्रवाई

ग्वालियर। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए ग्वालियर जिले में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को भितरवार जनपद पंचायत के ग्राम बनवार में शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को पीएमएफएमई योजना के बारे में जानकारी दी। साथ ही इस योजना के तहत उद्यम स्थापित करने के इच्छुक हितग्राही भी चिन्हित किए गए। 

कलेक्टर  रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को योजना का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि लक्ष्य के अनुपात में पर्याप्त प्रकरण तैयार कर बैंकों में प्रस्तुत किए जाएं। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि लक्ष्य से कम प्रकरण भेजे जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में जिले में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। 

बनवार में आयोजित हुए शिविर में चिन्हित हितग्राहियों के प्रकरण तैयार कर संबंधित बैंकों को भेजे जायेंगे, जिससे उन्हें पीएमएफएमई योजना के तहत ऋण व अनुदान की स्वीकृति दिलाई जा सके। इससे लाभार्थी अपने स्वयं के सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम स्थापित कर सकेंगे।

यह है पीएमएफएमई योजना का उद्देश्य

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) का उद्देश्य छोटे खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना कराना है। योजना के तहत हितग्राहियों को उद्यम स्थापित करने के लिए तकनीकी सहायता, प्रशिक्षण व ऋण एवं अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। यह योजना आत्मनिर्भर भारत अभियान का हिस्सा है। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने में मदद करती है। पीएमएफएमई योजना एक ज़िला एक उत्पाद की तर्ज पर काम करती है, जिससे स्थानीय खाद्य उत्पादों का विकास और ब्रांडिंग होती है।