अपना शहर

व्यापारियों के चरणबद्ध आंदोलन का 2 दिन; नाराज व्यापारी मुरार सराफा बाजार में आज धरना, इसके बाद उपनगर ग्वालियर और लश्कर सराफा बाजार में प्रदर्शन

व्यापारियों ने लुटेरों को पकड़ने पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, मंगलवार को व्यापारियों ने एक साथ मिलकर पैदल मार्च निकाला और विरोध प्रदर्शन किया था

ग्वालियर-चंबल अंचल के मुरैना, मुरार, मोहना, झांसी रोड और गोला का मंदिर सहित शहर के अन्य सराफा कारोबारियों से हुई लूट की वारदात को लेकर व्यापारी वर्ग में काफी आक्रोश है। शनिवार को सोना-चांदी व्यापारी संघ, सहित अन्य व्यापारियों ने लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जो सोमवार को खत्म हो गया। मंगलवार को ग्वालियर और मुरैना के व्यापारियों ने एक साथ मिलकर पैदल मार्च निकालकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद एसपी मुरैना को ज्ञापन दिया है। व्यापारियों का यह चरणबद्ध आंदोलन का पहला दिन था। अब आंदोलन के दूसरे दिन बुधवार (14 फरवरी) को व्यापारी ग्वालियर के मुरार सराफा बाजार में एकत्रित होकर वहां धरना देंगे। इसके बाद उपनगर ग्वालियर और अगले दिन लश्कर सराफा बाजार में प्रदर्शन करेंगे। 17 फरवरी को व्यापारी बैठक कर आंदोलन में आगे की रूपरेखा तय करेंगे।

आरोपी नहीं पकड़े जाने तक करेंगे आंदोलन 

आंदोलन को लेकर मंगलवार को व्यापारियों ने मुरैना एसपी ऑफिस घेरकर ज्ञापन दिया था । तीन सौ से अधिक व्यापारियों की उपस्थिति मे चैम्बर ने ग्वालियर नगर निगम सीमा के बाहर जाकर मुरैना पुलिस अधीक्षक कार्यालय मे ज्ञापन सौपकर जंगी प्रदर्शन किया । इस मौके पर  मुरैना के व्यापार मंडल और सराफा संघ मुरैना ने कहा अब हर लड़ाई में मुरैना चैम्बर के साथ रहेगा। ज्ञापन लेने के बाद पुलिस अधीक्षक मुरैना बोले आपकी समीक्षा बैठक 17 फ़रवरी से पहले लूट की वारदात करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।