टॉप न्यूज़

श्यामपुर से ग्वालियर तक गूंजा सतनाम का जयघोष; भव्य नगर कीर्तन निकला, पालकी में सुशोभित गुरु ग्रंथ साहिब और पांच प्याले रहे आकर्षण का केंद्र

भितरवार सिख समाज ने निकाली नगर कीर्तन यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, यात्रा श्यामपुर से प्रारंभ होकर भितरवार, काशीपुर और डबरा होते हुए ग्वालियर स्थित गुरु दाताबंदी छोड़ गुरुद्वारा पहुंचेगी

ग्वालियर /भितरवार। सिख समाज द्वारा धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा वीर सिंह गुरुद्वारा, श्यामपुर से भव्य नगर कीर्तन यात्रा निकाली गई। नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में सिख समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा श्यामपुर से प्रारंभ होकर भितरवार, काशीपुर और डबरा होते हुए ग्वालियर स्थित गुरु दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा पहुंचेगी।

नगर कीर्तन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह संगत ने श्रद्धापूर्वक नगर कीर्तन का स्वागत करते हुए गुरु के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

नगर कीर्तन में सुसज्जित पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब को विराजमान किया गया था, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं पांच प्यारे भी नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। श्रद्धालु धार्मिक जयघोष और गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए यात्रा में शामिल हुए।

नगर कीर्तन के दौरान सिख समाज के लोगों ने धार्मिक अनुशासन और श्रद्धा के साथ अपनी सहभागिता निभाई। यात्रा के ग्वालियर पहुंचने पर गुरु दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं द्वारा मत्था टेककर अरदास की जाएगी।

नगर कीर्तन के चलते पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा और जगह-जगह लोगों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया।