अपना शहर

'सिटी सेंटर में चला स्वच्छता अभियान'; लंबे समय से जमा कचरे के स्थलों को किया साफ, साथ ही आमजनों एवं दुकानदारों को समझाइश दी गई कि कचरा घरों के बाहर नहीं डालें

बुधवार को एसपी ऑफिस लेकर इनकम टैक्स ऑफिस वाली लाइन से होते हुए एयरटेल ऑफिस तक के क्षेत्र को पूरी तरह से साफ किया गया, युवाओं ने सडक़ एवं कॉलोनी की गलियों से भी कचरा साफ किया

ग्वालियर। नगर निगम के कर्मचारियों, आमजनों एवं आईईसी एक्टिविटी के साथ मिलकर सिटी सेंटर पर स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान वहां से काफी मात्रा में कचरा एकत्रित किया गया। साथ ही आमजनों एवं दुकानदारों को समझाइश दी गई कि कचरा घरों  के बाहर नहीं डालें।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में सिटी सेंटर स्थित एसपी ऑफिस लेकर इनकम टैक्स ऑफिस वाली लाइन से होते हुए एयरटेल ऑफिस तक के क्षेत्र को पूरी तरह से साफ किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर कचरे के ढेर मिले, जिन्हें तत्काल जेसीबी की मदद से साफ किया गया। इसके साथ ही प्लग रन के माध्यम से ग्रुप बनाकर युवाओं ने सडक़ एवं कॉलोनी की गलियों से कचरा साफ किया। अभियान के दौरान अपर आयुक्त टी प्रतीक राव मौजूद रहे, उन्होंने डब्ल्यूएचओ को निर्देश दिए कि अब किसी भी हाल में कचरा जमा नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही 30 नंबर वार्ड के कर्मचारी हाजिरी लगाने के बाद सिटी सेंटर इलाके में एक घंटे कार्य करेंगे, इसके बाद ही वह अपने कार्यस्थल पर जाएंगे।

आम-जनों को दी समझाइश

अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सिटी सेंटर क्षेत्र में आम जनों को समझाइश दी है कि वह अपने घरों से निकलने वाले कचरे को घर में ही अलग अलग करें। प्रत्येक घर में 4-4 डस्टबिन रखे जाएं जिसमें गीला, सूखा, सेनेटरी वेस्ट और विशेष देखभाल कचरे को अलग अलग रखा जाए और उसे डोर टू डोर टिपर वाहन में दिया जाए।


शहर से साफ किए 6 ब्लैक स्पॉट
शहर को कचरा ब्लैक स्पॉट मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लंबे समय से कचरा जमा होने वाले स्थानों की सफाई कर उन्हें ब्लैक स्पॉट से मुक्त किया जा रहा है। बुधवार को निगम की टीम ने अलग- अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 6 ब्लैक स्पॉट समाप्त किए।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत बघेल बस्ती, गेंडे वाली सडक, गुरुनानक नगर, गीता कॉलोनी सहित कई स्थलों पर सफाई कर वर्षों से जमा कचरे को हटाया गया। इन स्थानों की सफाई के साथ आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित किया गया। निगम की टीम ने स्थानीय लोगों को समझाइश दी कि वे खुले स्थानों पर कचरा न डालें और कचरा केवल निगम के कचरा वाहनों में ही दें।