ग्वालियर। तिघरा थाना पुलिस की फरार इनामी आरोपी के खिलाफ कार्यवाही में बड़ी सफ़लता हाथ लगी है। ग्वालियर के तिघरा क्षेत्र से गर्भवती महिला का बंदूक की नोक पर अपहरण के मामले में फरार दस हजार के इनामी आरोपी को तिघरा पुलिस ने गिरफ्तार करने का दावा किया है। ग्वालियर जिले के थानों में लंबित अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ की प्रभावी कार्यवाही के चलते तिघरा पुलिस को यह सफ़लता हाथ लगी है।है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर फरार आरोपियों की धरपकड़ की प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही में एएसपी सुजावल जग्गा द्वारा थाना तिघरा थाना में दर्ज अपहरण मामले में फरार शेष आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए निर्देशित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सीएसपी ग्वालियर कृष्ण पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिघरा शिवराम सिंह कंसाना के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने प्रकरण में फरार शेष आरोपियों की तलाश उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर की गई। बीते रोज 29 सितंबर को तिघरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपहरण मामले का एक फरार 10 हजार का इनामी आरोपी प्रदीप गुर्जर, शीतला माता मंदिर के नीचे ग्राम कैंथा के पास घटिया के ऊपर खड़ा है। इस पिन पॉइंट सूचना पर पुलिस टीम ने मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची तो एक व्यक्ति पुलिस को देखकर मौके से भागने लगा जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा और नाम व पता पूछा तो उसने अपना नाम प्रदीप सिंह पुत्र सुल्तान सिंह गुर्जर 33 साल निवासी ग्राम तोर जिला मुरैना बताया।
पकड़े गये आरोपी से अपहरण केस के संबध मे पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। आरोपी की थाना तिघरा के अपराध सदर में आवश्यकता होने से अपराध क्रमांक 61/25 धारा 109, 331(8), 87, 125, 115(2), 191(2),191(3) बीएनएस इजाफा धारा 25/27 आर्म्स एक्ट में विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस मामले में पूर्व में 09 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने 10 हजार रूपये का इनाम घोषित किया था।
क्या है गर्भवती महिला के अपहरण का पूरा मामला
फरियादी बृजलाल गुर्जर निवासी ग्राम गुर्जा, तिघरा, जिला ग्वालियर ने रिपोर्ट लेख कराई थी कि उसके पुत्र गिर्राज गुर्जर का विवाह वर्ष 2024 में अंजू गुर्जर निवासी सेसईपुरा, जिला श्योपुर के साथ हुआ था। विवाह के समय जोगेन्द्र उर्फ जोगा उर्फ योगी गुर्जर निवासी तिलौधा, सरायछौला, जिला मुरैना ने विवाह का विरोध करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। बीते साल की 08.10.2025 की शाम जोगेन्द्र उर्फ योगी गुर्जर अपने साथियों अंके गुर्जर, कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर, डीपी गुर्जर, तहसीला गुर्जर, शेरू गुर्जर, भोला गुर्जर, रवि गुर्जर, सत्यवीर गुर्जर, प्रदीप गुर्जर एवं अन्य 4-5 लोगों के साथ बंदूक लेकर फरियादी के घर पहुँचा और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। आरोपियों ने फरियादी के परिवारजनों से मारपीट करते हुए उसकी बहू अंजू गुर्जर (गर्भवती) को जबरदस्ती बंदूक की नोक पर उठा ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना तिघरा में अप. क्रमांक 61/25 धारा 109,331(8),87,125,115(2),191(2),191(3) बीएनएस का पंजीबद्ध किया गया था।
*गिरफ्तार इनामी आरोपी*:- प्रदीप सिंह गुर्जर पुत्र सुल्तान सिंह उम्र 33 साल निवासी ग्राम तोर जिला मुरैना l
*सराहनीय भूमिकाः*- इस कार्यवाही में थाना प्रभारी तिघरा निरीक्षक शिवराम सिंह कंसाना, उनि.महेन्द्र सिंह कुशवाह, प्रआर सोनू मांझी, आरक्षक शाहरूख अली, दिलीप कौरव, नीकेश शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।रही।
