ग्वालियर। मुख्यमंत्री की मंशा अनुरूप महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिये जिला प्रशासन ग्वालियर द्वारा जिले में स्थापित पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में महिलाओं को कार्यरत किये जाने का निर्णय लिया गया है। पेट्रोल पंप पर कार्यरत इन महिलाओं को *‘शक्ति दीदी’* का नाम दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अब तक कुल 20 चरणों में जिले के 57 पेट्रोल पंपों पर 127 शक्ति दीदियों को फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंप गई है।
इसी क्रम में योजना के 21वें चरण के अंतर्गत बुधवार 30 सितंबर को जिले के 04 पेट्रोल पंपों पर 05 शक्ति दीदियां कार्य प्रारंभ करने जा रही हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान कामतानाथ फिलिंग स्टेशन, बड़ागांव पर सायं 4 बजे राधा कुशवाह व वर्षा वर्मा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगी।
इसी तरह सांई हरीलीला, डीबी सिटी के सामने दोपहर 12 बजे फूलनदेवी को, सुविधा फ्यूल्स, कम्पू पर दोपहर 12 बजे सीमा यादव एवं सेठ रतिलाल बेचारदास, फूलबाग पर दोपहर 12 बजे गायत्री शाक्य को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी दी जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समय पर पेट्रोल पंप पर उपस्थित रहकर शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया गया है।
