ग्वालियर जिले में भी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक “सेवा – संकल्प अभियान” आयोजित होगा। जिले में अभियान को सुव्यवस्थित रूप से मूर्तरूप देने के लिये व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। अभियान के दौरान जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के प्रयास प्रमुखता से होंगे। अभियान की शुरूआत पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इस दिन सांध्य बेला में ग्वालियर शहर का बैजाताल सायंकाल 7 बजे आशीर्वाद के हजारों दीपों से जगमगायेगा। इसी तरह जिले की जनपद पंचायतों एवं नगर पालिका व नगर परिषदों के अंतर्गत जल स्त्रोतों के किनारे जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। इसके अलावा सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी एवं जिले के नागरिक अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करेंगे।
अभियान के पहले दिन सरकारी अस्पतालों में रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे। ग्वालियर जिले में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशन में एक माह तक चलने वाले इस अभियान के सुचारू आयोजन के लिये व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, हितग्राही कल्याण, युवा नवाचार और नागरिक दायित्व से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा। अभियान में जनप्रतिनिधियों के साथ सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों तथा सामाजिक-आध्यात्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी निभायेंगे, जिससे अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
“सेवा से से संकल्प” अभियान के तहत यह गतिविधियां होंगीं
• अभियान के पहले दिन 17 सितम्बर को सांध्य बेला में 'आर्शीवाद का दीया' कार्यक्रम के तहत बैजाताल एवं जिले के अन्य प्रमुख स्थानों सहित लाभार्थियों के घरों में एक साथ होगा दीप प्रज्ज्वलन।
• सभी की भागीदारी से लगेंगे स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य स्थानों पर रक्तदान शिविर।
• मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत स्कूलों में विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला एवं भाषण स्पर्धाएं होंगीं।
• 'सेवा स्मरण' नमो सेवा कार्यक्रम के तहत 19 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
• 'आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ियों में 26 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक बच्चों को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक कहानियां सुनाई जाएंगी।
• बदलाव की कहांनिया' कार्यक्रम में लाभार्थियों चयन कर उनकी सफलता की कहानियों को डिजिटाइज किया जाए एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
• 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' जिले में 7 अक्टूबर को विकसित भारत का संकल्प पर 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकलेगी। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा निकलेगी।
• 'जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा'- बड़नगर से वाराणसी तक आयोजित होगी। जिसमें मध्यप्रदेश सहित 7 राज्य शामिल हैं।
• सेवा मेरा योगदान-अभियान के दौरान सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक नागरिकों को 25 प्रमुख गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
• सेवा सेतु कार्यक्रम- के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक सरकार आपके द्वार शिविर आयोजित कर आमजन को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
• 'सेवा के रंग' – राष्ट्र के संग (भारत मंडल) कार्यक्रम में 9 व 10 अक्टूबर को प्रतिभाशाली युवाओं को जोड़कर जन सहभागिता से ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया जायेगा।
• सेवा फर्स्ट - इनोवेशन चैलेंज के तहत ग्वालियर जिले के इंक्यूबेटर्स, स्टार्ट-अप लीडर्स और इनोवेटर्स राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता कर सकेंगे।
• सुशासन सेवा संवाद में देश भर के प्रतिनिधियों के साथ पंच-सरपंच व जनप्रतिनिधि भाग ले सकेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत देश- प्रदेश स्तरीय इंफ्लुऐंसर एक्सेज कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
• जन सेवक महाकुंभ के अंतर्गत पंचायत से पार्लियामेंट तक देशभर के सरपंच और जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
• 25 साल 25 कहानियां- कार्यक्रम के अंतर्गत गणमान्य व्यक्तियों को क्यूरेटेड किट का वितरण किया जायेगा।जायेगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा
अभियान के दौरान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिकों को 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इनमें रक्तदान, अनाथालय/वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, एक गांव गोद लेकर सेवा कार्य, योग-ध्यान, प्लास्टिक- मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, नशा-मुक्त भारत, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण एवं जल स्रोत सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा, फिट इंडिया, वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं की जागरूकता शामिल हैं। नागरिकों को स्वप्रेरणा से सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सेवा कार्यों का फोटो-वीडियो दस्तावेजीकरण और सोशल मीडिया प्रचार होगा। चयनित गतिविधियों के बिफोर/आफ्टर वीडियो रील माई भारत पोर्टल पर अपलोड कर डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। नदी घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान होंगे तथा श्रमदान करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण,अपर आयुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर नगर निगम अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने अधिकारियों के साथ बैजाताल स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर साफ- सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
अपर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
