ग्वालियर जिले में भी राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से दो महत्वपूर्ण अभियान शुरू होंगे। इस दिन से शुरू होने जा रहे “मध्यप्रदेश स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन” अभियान के तहत जिले के लगभग 69 हजार 700 लोगों की आबादी भूमि व परिसम्पत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर मालिकाना हक दिलाया जायेगा। “सेवा से संकल्प अभियान” के तहत विकसित भारत के निर्माण के लिये विकसित मध्यप्रदेश बनाने का संकल्प जन-जन तक पहुँचाया जायेगा। जन सहभागिता से एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जन सेवा के विभिन्न प्रकार के सेवा प्रकल्प संचालित होंगे। साथ ही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक हितग्राहियों तक पहुँचाने के प्रयास होंगे। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये ग्वालियर जिले में तैयारियां जारी हैं। इस क्रम में सोमवार को राजस्व विभाग का मैदानी अमला गाँव-गाँव पहुँचा और नि:शुल्क रजिस्ट्री करने की पूर्व तैयारी की। जिले के लदवाया सहित अन्य ग्रामों में राजस्व अधिकारियों व पटवारियों ने ई-केवायसी व लैंड रिकॉर्ड लिंकिंग (एलआर) का कार्य कराया। साथ ही इस अभियान से संबंधित अन्य तकनीकी औपचारिकताओं को अंतिम रूप दिया। स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन में पंचायत स्तर पर पटवारी निष्पादन अधिकारी होंगे। पंजीयन अधिकारी के रूप में तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी कार्य करेंगे।
विशेष शिविर लगेंगे और हर निष्पादन अधिकारी को प्रत्येक दिन 40 रजिस्ट्री करने का लक्ष्य
कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष शिविर लगाकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के तहत नि:शुल्क रजिस्ट्री करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक राजस्व अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम 30 से 40 रजिस्ट्री कराने का लक्ष्य दिया है। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वामित्व अभिलेख अभियान की बेहतर प्लानिंग और शैड्यूलिंग कर प्रति दिन प्रगति रिपोर्ट तैयार कर सबमिट करें।
“सेवा से संकल्प” अभियान के तहत यह गतिविधियां होंगीं
• अभियान के पहले दिन 17 सितम्बर को सांध्य बेला में 'आर्शीवाद का दीया' कार्यक्रम के तहत बैजाताल एवं जिले के अन्य प्रमुख स्थानों सहित लाभार्थियों के घरों में एक साथ होगा दीप प्रज्ज्वलन।
• सभी की भागीदारी से लगेंगे स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य स्थानों पर रक्तदान शिविर।
• मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत स्कूलों में विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला एवं भाषण स्पर्धाएं होंगीं।
• 'सेवा स्मरण' नमो सेवा कार्यक्रम के तहत 19 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
• 'आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ियों में 26 सितम्बर से 05 अक्टूबर तक बच्चों को ज्ञानवर्धक और मनोरंजक कहानियां सुनाई जाएंगी।
• बदलाव की कहांनिया' कार्यक्रम में लाभार्थियों चयन कर उनकी सफलता की कहानियों को डिजिटाइज किया जाए एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
• 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' जिले में 7 अक्टूबर को विकसित भारत का संकल्प पर 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकलेगी। जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में यह यात्रा निकलेगी।
• 'जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा'- बड़नगर से वाराणसी तक आयोजित होगी। जिसमें मध्यप्रदेश सहित 7 राज्य शामिल हैं।
• सेवा मेरा योगदान-अभियान के दौरान सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक नागरिकों को 25 प्रमुख गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
• सेवा सेतु कार्यक्रम- के तहत 2 से 10 अक्टूबर तक सरकार आपके द्वार शिविर आयोजित कर आमजन को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
• 'सेवा के रंग' – राष्ट्र के संग (भारत मंडल) कार्यक्रम में 9 व 10 अक्टूबर को प्रतिभाशाली युवाओं को जोड़कर जन सहभागिता से ह्यूमन रंगोली का निर्माण किया जायेगा।
• सेवा फर्स्ट - इनोवेशन चैलेंज के तहत ग्वालियर जिले के इंक्यूबेटर्स, स्टार्ट-अप लीडर्स और इनोवेटर्स राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता कर सकेंगे।
• सुशासन सेवा संवाद में देश भर के प्रतिनिधियों के साथ पंच-सरपंच व जनप्रतिनिधि भाग ले सकेंगे। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत देश- प्रदेश स्तरीय इंफ्लुऐंसर एक्सेज कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
• जन सेवक महाकुंभ के अंतर्गत पंचायत से पार्लियामेंट तक देशभर के सरपंच और जनप्रतिनिधियों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
• 25 साल 25 कहानियां- कार्यक्रम के अंतर्गत गणमान्य व्यक्तियों को क्यूरेटेड किट का वितरण किया जायेगा।
