सोमवार को समन्वय बैठक में कार्यक्रम स्थल पर आयुष्मान व आधार कार्ड बनाने के लिये पृथक से काउण्टर लगाने के निर्देश, साथ ही हर सेक्टर में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें
ग्वालियर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 2 सितम्बर को बलराम जयंती के उपलक्ष्य में किसानों का भव्य समारोह आयोजित होने जा रहा है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने सोमवार को अंतरविभागीय समन्वय बैठक में आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष सभी तैयारियां जल्द से जल्द पूर्ण करें। विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से ऐसी व्यवस्था बनाएं, जिससे किसान एवं हितग्राही सुविधाजनक तरीके से निर्धारित सेक्टर तक पहुँच सकें। साथ ही हर सेक्टर में पेयजल की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी व अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम स्थल पर आयुष्मान कार्ड व आधार कार्ड बनाने के लिये पृथक से काउण्टर लगाने के निर्देश भी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने दिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कहा कि सम्मेलन का लाभ उठाकर विभिन्न स्वरोजगार-मूलक योजनाओं के तहत हितग्राहियों के आवेदन भी शिविर में भरवाए जाएं। मेला मैदान में 2 सितम्बर को आयोजित होने जा रहे बलराम जयंती महोत्सव एवं किसान समागम में शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित कृषि, सहकारिता एवं खेती किसानी से जुड़े विभागों की प्रदर्शनी भी लगेंगीं। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी सेक्टर को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे कृषकगण आसानी से प्रदर्शनी देखने पहुँच सकें। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहे बलराम जयंती महोत्सव में ऑनलाइन किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ, शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण, कृषक कवच योजना एवं प्रदेश में नवीन पंजीकृत लगभग 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं के कार्यालयों का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र वितरण, प्रदेश के उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों को प्रमाण-पत्र एवं गौ-संवर्धन, जैविक व उद्यानिकी खेती कर रहे उन्नत कृषकों का सम्मान भी प्रस्तावित है।
गौवंश को लंपी वायरस से बचाने के लिये प्रभावी कदम उठाएं
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने उप संचालक पशु चिकित्सा को बैठक में निर्देश दिए कि लंपी वायरस से गौवंश को बचाने के लिये प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि इसके लिये टीकाकरण के साथ जिन गायों में लंपी वायरस संक्रमण के लक्षण पाए हैं उन्हें अलग कर उचित स्थान पर रखें। जिला पंचायत सीईओ ने विभागीय अमले के माध्यम से इस कार्य को पूरी गंभीरता के साथ अंजाम देने के निर्देश दिए।
