इस मानसून सीजन में साल में सबसे अधिक 726.1 मिमी वर्षा डबरा में और सबसे कम 438.1 बारिश चीनौर तहसील में रिकॉर्ड की गई है, शहर में पिछले दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वही तिघरा के फुल टैंक होने की उम्मीद जागी है
भोपाल/ ग्वालियर। पश्चिमी मध्यप्रदेश में हो रही झमाझम बारीश के बाद अब ग्वालियर-चंबल अंचल में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश गुरुवार को भी जारी है । शहर में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश से जहां उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं तिघरा जलाशय का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक अंचल में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
इस साल के मानसूनी मौसम में ग्वालियर जिले के निवासियों के लिये पिछले तीन दिन सुकून भरे रहे हैं। पिछले तीन दिनों में जिले में अच्छी बारिश हुई है। गुरुवार 27 अगस्त को सुबह 8 बजे तक जिले में 573.8 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज हो चुकी है। पिछले साल इस अवधि में लगभग 1079.7 मिमी. वर्षा हुई थी। इस प्रकार पिछले साल से 505.9 मिमी कम वर्षा हुई है। ज्ञात हो जिले की सामान्य औसत वर्षा 751.2 मिमी है।
इस बारिश से अधिकतम तापमान में करीब 4 डिसे.की गिरावट दर्ज की गई है और 28.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के सक्रिय होने और इसके आगे बढ़ने से मौसम में यह बड़ा बदलाव आया है। हवा में नमी बनी हुई है। अगले तीन दिनों तक ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रुक-रुककर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस मानसून सीजन में सबसे अधिक बारिश डबरा में दर्ज
अधीक्षक भू-अभिलेख के अनुसार जिले में इस साल मानसून में सबसे अधिक 726.1 मिमी वर्षा डबरा में और सबसे कम 438.1 मिली मीटर वर्षा चीनौर तहसील में रिकॉर्ड की गई है। जिले में मौसम विज्ञान केन्द्र ठाठीपुर-मुरार में 490.7 मिमी, वर्षामापी केन्द्र बरई घाटीगाँव में 514.3 व भितरवार तहसील में 700 मिमी औसत वर्षा दर्ज हुई है। पिछले साल इस अवधि में मुरार में 1257.7, घाटीगाँव में 986.3, डबरा में 1121.4, भितरवार में 1123.7 एवं चीनौर में 909.3 मिली मीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।
इसी प्रकार बता दें कि मुरार तहसील (ग्वालियर शहर) की औसत वर्षा 845.28 मिमी, घाटीगाँव तहसील की 596.58, डबरा की 798.96, भितरवार की 763.98 एवं चीनौर तहसील की औसत वर्षा 751.30 मिमी है। इस प्रकार ग्वालियर जिले की औसत सामान्य वर्षा 751.2 मिमी है।
तिघरा बांध का जलस्तर भी बढ़ा
पिछले दिनों से हो रही बारिश के कारण ग्वालियर की लाइफ़- लाइन और शहर की प्यास बुझाने मुख्य जलस्रोत तिघरा का जलस्तर भी बढ़ा है। पिछले 24 घंटे में सुबह से हुई बारिश के बाद तिघरा बांध का जलस्तर लगभग एक फीट बढ़कर 727.3 फीट हो गया है। जलस्तर में वृद्धि से शहर में पेयजल संकट से राहत मिलने की उम्मीद जागी है। बता दे कि तिघरा बांध ग्वालियर शहर की जलापूर्ति का मुख्य स्रोत है।है।
