वुमन

मैहर से मिली 'लाड़ली बहनों' को नैहर की नेग; राखी के शगुन के साथ मिली सहायता राशि, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को अंतरित किए 2148.30 करोड़ रुपए की राशि

बहनों को राखी से पहले मिला 1750 रु. का उपहार, मुख्यमंत्री यादव ने हॉकी खिलाड़ी अनन्या अवधिया और उन्नति पांडे के साथ अंतरित की लाड़ली बहनों को राशि, मैहर में हुआ राज्यस्तरीय 'लाड़ली बहना' सम्मेलन

मुख्यमंत्री यादव ने बहनों पर की पुष्प-वर्षा, बंधवाई राखियां, कहा- बहनों का सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता , जनअभियान परिषद की नवांकुर सखियों ने मुख्यमंत्री यादव को भेंट की विशाल राखी, मैहर को दी 256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री यादव ने मैहर ज़िलेज़िले के लिए की विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा


भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियां हमारे घर-आंगन की रौनक हैं। बहन-बेटियों का मान-सम्मान और इनका आर्थिक सशक्तिकरण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन तो साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने बहनों से उनकी रक्षा का वादा पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लाड़ली बहनों को हर महीने सौगात मिल रही है। उन्होंने कहा कि शारदा मां के आशीर्वाद से मैहर अद्भुत स्थान है। बुंदेलखंड की वीरता के प्रतीक आल्हा-ऊदल मां शारदा के अनन्य भक्त हैं। हमारी भारतीय संस्कृति में उदारता और रिश्तों का सम्मान करने की परम्परा है।  हमने आज ही मैहर से प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को नैहर की नेग ( सरकार का उपहार) दिया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मैहर में हुए राज्यस्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने मैहर में मां शारदा भवानी के दर्शन किए। इसके बाद इसी जिले की प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ी सुश्री अनन्या अवधिया और सुश्री उन्नति पांडे के साथ प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किश्त और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के 250 रुपए (कुल 1750 रुपए) सिंगल क्लिक से बैंक खातों में अंतरित किये। उल्लेखनीय है कि जून 2023 में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत से अगस्त 2026 तक 39 किश्तों में लाड़ली बहनों के खातों में 63 हज़ार 248 करोड़ रुपये की सहायता राशि अंतरित की जा चुकी है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में योजना के लिए 23, 882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में भारतीय सेना बहनों के मान-सम्मान की रक्षा के लिए सशक्त बनी है। रक्षाबंधन का धागा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है। राज्य सरकार बहनों के सम्मान से कभी समझौता नहीं करती है। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत हर माह बहनों का राशि भेजी जा रही है। प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों का आशीर्वाद सरकार को मिल रहा है। हर साल रक्षाबंधन से पहले बहनों को 250 रुपए का शगुन भी भेजा जा रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मैहर जिले में लगभग 256 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 विकास कार्यों का लोकार्पण- भूमिपूजन भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने जिले की विकास गतिविधियों और कार्यक्रमों तथा योजनाओं की उपलब्धि पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री  यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने महाकाल के महाकाल लोक के बाद प्रदेशभर में देवस्थानों के विकास का संकल्प लिया है। पीएम के नेतृत्व में श्रीराम वन गमन पथ, चित्रकूट में मंदाकिनी नदी की धारा को अविरल रखने और विकास कार्यों के लिए 3 हजार करोड़ के कार्य मंजूर किए हैं। मैहर में 9 करोड़ रुपए की लागत से मां शारदा लोक निर्माण के पहले चरण का भूमि-पूजन आज हुआ है। उन्होंने कहा राज्य सरकार ने 19 धार्मिक स्थानों पर शराब दुकानें बंद की हैं। भावी पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नशे से पीढ़ियां बर्बाद हो जाती हैं। परिवार के सदस्य बच्चों को नशे से दूर रखने और उनके बेहतर भविष्य के लिए बच्चों से संवाद हमेशा बनाए रखें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने लोकसभा और विधानसभा में बहनों के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए संकल्प पारित किया है।है।