राजनीति

"दतिया उप-चुनाव में हार पर भाजपा में मंथन"; भोपाल पहुंचकर आशुतोष ने उठाए भितरघात के सवाल; उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए बनी दो सदस्यीय समिति

जांच समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को सदस्य बनाया है , समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनाव परिणाम के कारणों का विश्लेषण करेगी और प्रतिवेदन प्रदेश अध्यक्ष को सौपेगी

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद संगठन में मंथन तेज हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर समीक्षा बैठक हुई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने चुनाव नतीजों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे एवं वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को सदस्य बनाया गया है।

यह समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनाव परिणाम के कारणों का विश्लेषण करेगी। समिति अपने निष्कर्षों सहित प्रतिवेदन प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को प्रस्तुत करेगी।

दतिया उपचुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद पार्टी संगठन में मंथन का दौर तेज हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर उपचुनाव के नतीजों को लेकर अहम समीक्षा बैठक बुलाई गई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत चुनाव से जुड़े मंत्री, प्रभारी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। इसी बीच आशुतोष तिवारी भी सीएम हाउस पहुंचे हैं।

हार के साथ ही भितरघात पर भी मंथन

दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पार्टी के भीतर संगठनात्मक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। समीक्षा बैठक में बूथ स्तर से चुनाव प्रबंधन तक की भूमिका पर चर्चा की जा रही है। पार्टी यह जानने का प्रयास कर रही है कि मजबूत संगठनात्मक आधार के बावजूद भाजपा को चुनाव में शिकस्त क्यों मिली है।

बताया जाता है कि, आशुतोष तिवारी ने संगठन के भितरघात से जुड़े गंभीर आरोपों पर चर्चा की गई है। उनके पास शिकायतों के समर्थन में कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की भी बात सामने आई है।