राजनीति

अजा आयोग के अध्यक्ष ने किया छात्रावासों का निरीक्षण; व्यवस्थाएं और बेहतर बनाने के दिए निर्देश, छात्रों को मिलने वाला हॉस्टल मैस का भोजन भी चखा, कल लेंगे समीक्षा बैठकें

दो दिनी ग्वालियर प्रवास के दौरान पहले दिन आयोग के अध्यक्ष ने शा.बालक एवं बालिका आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया

ग्वालियर। मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने सोमवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान दो शासकीय बालक एवं बालिका आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

 निरीक्षण के दौरान आयोग के अध्यक्ष ने छात्रावासों में पेयजल व्यवस्था का अवलोकन करते हुए इसे और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया तथा इसकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 आयोग के अध्यक्ष ने छात्रावासों की साफ-सफाई, आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर वातावरण एवं सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावासों की सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ संचालित हों तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण किया जाए।

 इस मौके पर सहायक आयुक्त, आदिम जाति कल्याण विभाग, विवेक पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 कल सुबह बरार धानुक समाज की शोभा यात्रा में शामिल होंगे, योजनाओं की समीक्षा करेंगे, कानून व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे

राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव 28 जुलाई को भी ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। डॉ. जाटव इस दौरान बैठकें लेकर अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं की समीक्षा करेंगे।

 निर्धारित कार्यक्रम के आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव 28 जुलाई को सुबह 10 बजे बरार धानुक समाज द्वारा आयोजित शोभा यात्रा में शामिल होंगे। दोपहर 01 बजे से कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर शासन द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिये संचालित योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसी क्रम में दोपहर 2 बजे एसपी कार्यालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। अपरान्ह 4 बजे जिला पंचायत कार्यालय में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे।  28 जुलाई को शाम 5 बजे नगर निगम आयुक्त कार्यालय में नगरीय निकाय की समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। 

 राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव 29 जुलाई को सुबह 10 बजे ग्वालियर से जबलपुर के लिये प्रस्थान करेंगे।