राजनीति

"मुख्यमंत्री का दतिया में दो स्थानों पर रोड शो" ; गुटों व धड़ों में बंटी कांग्रेस सिर्फ बांटना व लड़ाना जानती है, विकास करना नहीं जानती, देशभर से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और दतिया में भी विकास की नई बयार बह रही है

पार्टी प्रत्याशी के लिए मांगा जनता का आशीर्वाद, दतिया का विकास भाजपा ने किया, आगे भी निरंतर जारी रहेगा, भाजपा विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांगती है: डॉ. मोहन यादव

दतिया/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को दतिया में भाजपा प्रत्याशी  आशुतोष तिवारी के समर्थन में दो स्थानों पर विशाल रोड शो कर जनता से आशीर्वाद एवं समर्थन मांगा तथा भाजपा को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने की अपील की। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री यादव के साथ, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा, उपचुनाव प्रभारी व सांसद भारत सिंह कुशवाह, पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी, विधायक प्रदीप अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह रथ पर सवार रहे। 

रोड शो में उमड़े अभूतपूर्व जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुटों और धड़ों में बटी कांग्रेस केवल बांटने और लड़ाने की राजनीति करना जानती है, जबकि भाजपा विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास को नई दिशा भाजपा सरकार ने दी है और आने वाले समय में भी विकास की यह यात्रा निरंतर जारी रहेगी। जनसभा के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा उपस्थित रहे। जनसभा को पार्टी प्रत्याशी  आशुतोष तिवारी ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोड शो के बाद बड़ी तिगलिया के पास नुक्कड़ सभा को भी संबोधित किया।

भाजपा प्रत्याशी 'आशुतोष' कोहिनूर हीरे जैसे कार्यकर्ता हैं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दूसरे रोड शो को से पहले सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी कार्यकर्ताओं के बीच कोहिनूर के हीरे की तरह हैं। मध्यप्रदेश और दतिया में कांग्रेस का जनाधार पूरी तरह समाप्त हो चुका है। देशभर से कांग्रेस का सफाया हो रहा है और दतिया में भी विकास की नई बयार बह रही है। भाजपा सरकार विकास के नए आयाम गढ़ रही है।  उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है, वह विकास के आधार पर जनता का आशीर्वाद मांगती है। विकास कार्यों से ही पिछले 23 साल से मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है, अगर कुछ माह का कार्यकाल कमलनाथ की कांग्रेस सरकार का छोड़ दे, तो कांग्रेस ने लोगों को लड़ाने, जातियों व समाजों में बांटने का कार्य किया है। कांग्रेस फूट डालो शासन करो की नीति पर चलते हुए शासन करना चाहती है।

भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस नेता राजू दांगी

दतिया में आयोजित रोड शो के बाद आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक  हेमंत खण्डेलवाल के समक्ष कांग्रेस नेता राजू दांगी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी।

 रोड शो में हजारों आमजन हुए शामिल

पहला रोड शो दतिया हवाई अड्डे से मां पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार तक निकाला गया, जबकि दूसरा रोड शो मां पीताम्बरा पीठ के पश्चिम द्वार से बड़ी तिगलिया तक पहुंचा। दोनों रोड शो में हजारों की संख्या में विभिन्न समाजों के प्रबुद्धजन, समाजों के पदाधिकारी, व्यापारी, स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मार्ग में जनसमूह का अभिवादन करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान कर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का आह्वान किया। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने पूरे मार्ग में रथ से दोनों हाथ जोड़कर नागरिकों का अभिवादन कर समर्थन और आशीर्वाद मांगा।

जगह -जगह पर भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और नारों से गूंजा दतिया

 रोड शो के दौरान पूरे मार्ग में स्थान-स्थान पर भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। दोनों रोड शो के मार्ग पर सैकड़ों स्वागत मंच बनाए गए। लगभग तीन दर्जन से अधिक सामाजिक, व्यापारिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों ने मंच लगाकर अभिनंदन किया। दतिया शहर के व्यावसायिक संघों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा बड़ी संख्या में गैर-राजनीतिक संगठनों ने भी रोड शो का स्वागत कर भाजपा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। पूरे मार्ग में नागरिकों ने सड़क के दोनों ओर खड़े होकर पुष्पवर्षा की।  जनसभा के दौरान तीर्थ स्थान मेला प्राधिकरण अध्यक्ष  विनोद गोटिया, उपचुनाव प्रभारी  भारत सिंह कुशवाह, उपचुनाव सह प्रभारी  राहुल कोठारी, पूर्व मंत्री इमरती, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष  अग्रवाल, जिला अध्यक्ष  रघुवीर सिंह कुशवाह, देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर सहित मंचासीन रहे।

भगवान राम के काल से कुशवाहा समाज का नाता, कांग्रेस ने श्रीराम के अस्तित्व को नकारा- डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया के सिंधी धर्मशाला में कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कुशवाह समाज का भगवार श्रीराम के काल से नाता है। कुशवाह समाज श्रीराम के पुत्र कुश के वंशज हैं, लेकिन कांग्रेस तो प्रभु श्रीराम के अस्तित्व को सर्वोच्च न्यायालय में शपथ-पत्र प्रस्तुत कर नकार चुकी हैं, ऐसे में कांग्रेस पार्टी को कुशवाह समाज से वोट मांगने का कोई हक नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशवाह समाज को भाजपा ने कई राज्यों में मुख्यमंत्री के पद भी दिए हैं। आपके समाज से आने वाले नायब सिंह सैनी हरियाणा में मुख्यमंत्री हैं, सम्राट चौधरी बिहार में मुख्यमंत्री हैं।  केशव प्रसाद   उत्तर प्रदेश और दीया कुमारी राजस्थान में उप-मुख्यमंत्री हैं। मध्यप्रदेश में नारायण सिंह कुशवाह मंत्री हैं। दतिया उपचुनाव की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे सांसद भारत सिंह कुशवाह और जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह भी आपके समाज से हैं। भाजपा ने कुशवाह समाज को सत्ता और संगठन में हमेशा से प्रतिनिधित्व देती आई हैं। कांग्रेस वर्ष 1965 से मध्यप्रदेश में चुनाव लड़ रही है और करीब 50 साल से अधिक समय तक शासन भी किया, लेकिन कभी कुशवाह समाज के बेटे को मंत्री पद नहीं दिया।दिया।