अपना शहर

जल गंगा संवर्धन अभियान ; जलविहार एवं फूलबाग बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य का अभियान 18 मई को, कलेक्टर के नेतृत्व में जनभागीदारी के माध्यम से होगा यह कार्य

कलेक्टर ने गोपाचल पर्वत का किया अवलोकन: गोपाचल पर्वत पर जन सहयोग से किए गए वृक्षारोपण की सराहना की, गोपाचल पर्वत धार्मिक दृष्टि से बहुत प्रसिद्ध स्थान है

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सम्पूर्ण प्रदेश में जल संरचनाओं को संरक्षित करने और जल संवर्धन के लिये कार्य किए जा रहे हैं। ग्वालियर जिले में भी पुरानी जल संरचनाओं की साफ-सफाई और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। ग्वालियर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में पुरानी जल संरचनाओं के साथ-साथ नई जल संरचनाओं को संवारने का कार्य हाथ में लिया गया है। ग्वालियर शहर के फूलबाग में स्थित पुरानी बावड़ी के जीर्णोद्धार और जल विहार स्थित तालाब की साफ-सफाई और संधारण का कार्य रविवार 18 मई को सुबह 6.30 बजे से प्रारंभ किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान के नेतृत्व में जिला प्रशासन, नगर निगम सहित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और पर्यावरण प्रेमियों की उपस्थिति में यह कार्य प्रारंभ होगा। 

कलेक्टर  चौहान ने शहर के तालाबों, ऐतिहासिक बावड़ियों के संरक्षण का कार्य करने हेतु विभागीय अधिकारियों को दिशा- निर्देश दिए हैं। नगर निगम ग्वालियर के माध्यम से फूलबाग स्थित ऐतिहासिक बावड़ी के जीर्णोद्धार, जलविहार स्थित जल संरचनाओं को स्वच्छ करने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसके साथ ही ग्वालियर शहर की ऐतिहासिक बावड़ियों को भी चिन्हित कर उनके संरक्षण का कार्य हाथ में लिया है। जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के माध्यम से इन बावड़ियों के जीर्णोद्धार का कार्य जनभागीदारी के माध्यम से किया जा रहा है। 

कलेक्टर ने शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और पर्यावरण प्रेमियों से भी आग्रह किया है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरचनाओं के संरक्षण और संवर्धन के जो कार्य किए जा रहे हैं, उनमें अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएं और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करें। 

कलेक्टर ने गोपाचल पर्वत का किया अवलोकन; पर्वत पर जन सहयोग से किए गए वृक्षारोपण की सराहना की,  गोपाचल पर्वत धार्मिक दृष्टि से बहुत प्रसिद्ध स्थान है

 कलेक्टर रुचिका चौहान ने बीते रोज गोपाचल पर्वत का अवलोकन किया एवं जैन समाज की प्रतिमाओं के दर्शन भी किए। ग्वालियर का गोपाचल पर्वत धार्मिक दृष्टि से बहुत ही प्रसिद्ध स्थान है। यह स्थान धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। गोपाचल पर्वत पर देशभर के लोग पधारते हैं। 

कलेक्टर  रुचिका चौहान ने भ्रमण के दौरान गोपाचल पर्वत पर पर्यावरण संरक्षण के लिये किए गए वृक्षारोपण कार्य की भूरि- भूरि प्रशंसा की। उन्होंने देखा कि बरसात के पानी को रोकने के लिये समाज के द्वारा एवं जनभागीदारी से अनेक कार्य किए हैं। कलेक्टर चौहान ने गोपाचल पर्वत पर स्थित जैन प्रतिमाओं का दर्शन भी किए । इसके साथ ही गोपाचल पर्वत पर किए सघन वृक्षारोपण कार्य को भी देखा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में जिस प्रकार गोपाचल पर्वत पर वृक्षारोपण कर हरियाली की गई है। इसी प्रकार की हरियाली शहर की अन्य पहाड़ियों पर भी की जायेगी। हरि पर्वत एवं आनंद वन के रूप में समाज के सभी वर्गों को साथ में लेकर वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर कलेक्टर के साथ समाजसेवी अजीत बरैया एवं पर्यटन विभाग के अधीक्षण यंत्री राजीव श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।