राजनीति

भाजपा का 46वां स्थापना दिवस ; साकार हो रहा श्रद्धेय अटल जी का सपना, भाजपा बनी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, भाजपा के ब्रांड एंबेसडर बनकर घर-घर जाएं कार्यकर्ता:-वीडी शर्मा

भाजपा के स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया, पार्टी कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी, कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस पर रविवार काे प्रदेश कार्यालय में भारतमाता एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराया गया। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की एवं एक-दूसरे को बधाईयां दी। प्रदेश अध्यक्ष  ने देश-प्रदेश के नागरिकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।

साकार हो रहा अटलजी का सपना  

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सभी के लिए ऐतिहासिक दिन है। जनसंघ के बाद 1980 में 6 अप्रैल को ही स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई थी। मुंबई में पार्टी के पहले अधिवेशन को संबोधित करते हुए स्व. अटलजी ने कहा था कि अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा। आज पीएम  नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष  जेपी नड्डा , केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में स्व. अटलजी का यह सपना साकार हो रहा है। देश के हर क्षेत्र में कमल खिला है। पंच-सरपंच से लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भाजपा के नेता हैं। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन गई है।

यथार्थ में बदल रहा अंत्योदय का विचार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंत्योदय का जो विचार पार्टी को दिया था, उसे देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी यथार्थ में बदल रहे हैं। एक गरीब मां के बेटे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव आया है और देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी जी गरीबों के मसीहा के रूप में उभरे हैं। आज पार्टी के स्थापना दिवस पर हम सभी कार्यकर्ता ये संकल्प लें कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में अंतिम व्यक्ति के कल्याण लिए जो अभियान चल रहा है, उसे आगे बढ़ाने के लिए समर्पित होकर काम करेंगे।

 योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प ले कार्यकर्ता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय में पार्टी के अरेरा मंडल के प्राथमिक सदस्यों के सम्मेलन में बूथ अध्यक्ष  गोविन्द सिंह  का अंग वस्त्र पहनाकर सम्मान किया l प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना जनसंघ के रूप में बलिदानों के आधार पर हुई। देश के पहले प्रधानमंत्री पं. नेहरू ने जब कश्मीर में धारा 370 लगाकर दो निशान, दो विधान और दो प्रधान का प्रावधान किया तो उनके मंत्रिमंडल के सदस्य डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने उसका विरोध किया और इस्तीफा देकर जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने कश्मीर जाकर सत्याग्रह किया और जेल में उनकी हत्या कर दी गई। पार्टी को अंत्योदय का विचार देने वाले पं. दीनदयाल उपाध्याय उत्तरप्रदेश के नगला चंद्रभान में जिस झोपड़ी में जन्मे थे, उसे देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आंखें नम हो गई थीं। उन्होंने संकल्प लिया कि देश में कोई गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा और पीएम आवास योजना की शुरुआत हुई। गरीब मां के बेटे  ने अपनी मां को चूल्हा फूंकते हुए खाना बनाते देखा था। उन्होंने कहा कि अब किसी गरीब मां के फेंफड़े धुएं से खराब नहीं होंगे। उन्होंने उज्जवला योजना की शुरुआत की और आज देश के 16 करोड़ गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन देकर धुएं से राहत दी है।  तीन तलाक पर रोक के लिए बनाए गए कानून से मुस्लिम बहनों के जीवन में खुशियां आई हैं।  शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ सभी समाज एवं वर्ग के व्यक्तियों को बिना किसी भेदभाव के मिल रहा है। इस बात को आप सभी कार्यकर्ताओं को निचले स्तर तक लेकर जाना है। आज पार्टी के स्थापना दिवस पर आप सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि आप सभी भाजपा के ब्रांड एंबेसडर बनकर बूथ-बूथ और घर-घर तक जाएंगे तथा वंचितों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे। 

स्थापना दिवस कार्यक्रम में यह रहे मौजूद

प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कृष्णा गौर,  प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, प्रदेश मंत्री  राहुल कोठारी, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, पूर्व सांसद  आलोक संजर, सुधीर अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता डॉ हितेष वाजपेयी,मिलन भार्गव, डॉ गुलरेज़ शेख, नेहा बग्गा, सुमित पचौरी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।